रायगढ़ में अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! 66.80 क्विंटल धान जब्त, किराना दुकानों से लेकर मकानों तक पहुंची जांच टीम…

रायगढ़ । धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी और अवैध धान के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में प्रशासनिक, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में जिले के अलग-अलग स्थानों से कुल 66.80 क्विंटल धान अवैध भंडारण के मामलों में पकड़ा गया है। कार्रवाई के बाद मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान के भंडारण और खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के बीच हलचल मच गई है। खास बात यह है कि कार्रवाई केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं रही, बल्कि रायगढ़ शहर में मकानों और किराना दुकानों तक जांच टीम पहुंची।
मुकड़ेगा में 14 क्विंटल धान जब्त – लैलूंगा एसडीएम की टीम ने ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा यानी 14 क्विंटल धान को अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया। मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
काशीराम चौक में मकान की जांच, 28 क्विंटल धान मिला – वहीं, रायगढ़ शहर के काशीराम चौक में मंडी विभाग की टीम ने विनोद जांगड़े के मकान की जांच की। इस दौरान वहां 70 कट्टा यानी 28 क्विंटल धान पाया गया। मामले में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
किराना दुकानों में भी मिला अवैध धान – प्रशासन की संयुक्त जांच टीम ने श्री अनिल किराना दुकान में 30 कट्टा तथा सीता किराना, शरद अग्रवाल के यहां 32 कट्टा धान पाया। दोनों दुकानों से कुल 62 कट्टा यानी 24.80 क्विंटल धान मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
20 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट, तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी – अवैध धान की आवक और कोचियों-बिचौलियों के जरिए होने वाली खरीदी-बिक्री तथा परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जिले में 20 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। इन चेकपोस्टों पर तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित करने के साथ ही जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल भी बनाए गए हैं।
अब बड़ा सवाल – अवैध धान के कारोबार की जड़ तक कब पहुंचेगा प्रशासन? – 66.80 क्विंटल धान पकड़े जाने की कार्रवाई ने जिले में अवैध धान भंडारण की निगरानी को लेकर प्रशासन की सक्रियता सामने ला दी है। हालांकि, अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच के दौरान सामने आने वाले मामलों में आगे क्या कार्रवाई होती है और अवैध खरीदी-बिक्री तथा परिवहन के नेटवर्क पर किस तरह अंकुश लगाया जाता है।
जिला प्रशासन का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों से लेकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक निगरानी जारी रहेगी। अवैध धान के भंडारण, परिवहन और खरीदी-बिक्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




