तालाब में “मृत” दिखा युवक अचानक उठ बैठा, मचा हड़कंप और पुलिस भी हैरान

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के गुण्डरदेही नगर के रामसागर तालाब पर कुछ घंटे तक पानी में पड़े रहने के बाद जब एक युवक को लोग मृत समझ कर सूचना देने लगे, तो मौके पर जमा भीड़ के होश उड़ गए। परिजनों के बीच मातम छा गया था और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू हो गई थी, तभी पुलिस ने युवक को तालाब से बाहर निकाला तो वह अचानक उठकर बैठ गया। इस चौंकाने वाले दृश्य ने वहां मौजूद सैकड़ों लोगों और पुलिसकर्मियों को हैरत में डाल दिया।

घटना सोमवार की दोपहर की है। स्थानीय निवासी सूरज ठाकुर, जो भोला ठाकुर के पुत्र हैं, करीब ढाई बजे शराब के नशे की हालत में रामसागर तालाब में नहाने गए थे। लगभग ढाई से तीन बजे के बीच लोगों की नजर जब तालाब पर पड़ी तो सूरज एक ही स्थान पर लंबे समय तक पानी में पड़ा हुआ दिखा। उसकी इस हालत को देखकर ग्रामीणों ने उसे डूबा हुआ समझ लिया और तुरंत वार्ड पार्षद तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।

गुण्डरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा व आवश्यकता अनुसार कार्यवाही के लिए तालाब में उतरकर युवक को बाहर निकाला। जांच के दौरान पता चला कि शराब के नशे के कारण सूरज बेहोशी और सुस्ती की हालत में पानी में पड़ा रहा, लेकिन उसके सिर, नाक और मुंह पानी की सतह पर होने से उसकी जान बची रही। पुलिस ने उसे सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया, तभी युवक अचानक उठकर बैठ गया, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। फिलहाल सूरज की हालत सामान्य बताई जा रही है और प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना की सूचना घर पहुँचते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई थी। महिलाएं बिलख-बिलखकर रोने लगीं। कुछ ग्रामीणों ने युवक को मृत मानकर रिश्तेदारों को सूचित करना शुरू कर दिया था और मोहल्ले वाले अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। अचानक जीवित मिलने पर माहौल पूरी तरह बदल गया और सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस ने कहा कि फिलहाल यह मामला नशे से संबंधित असावधानी का उदाहरण है और आगे किसी अनहोनी से बचने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।




