महा-घूसकांड : ‘मैं बिहारी हूं… जो करना है कर लो’, बलौदाबाजार में बेलगाम बैंक मैनेजर का विधवा से रिश्वत लेते वीडियो वायरल!…

बलौदाबाजार। सिस्टम में बैठा भ्रष्टाचार का दीमक अब आम इंसानियत को भी चाटने लगा है। बलौदाबाजार जिले से एक ऐसा शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने बैंक अधिकारियों की संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दी हैं। यहां जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (निपनिया ब्रांच) की एक महिला मैनेजर द्वारा एक बेबस विधवा से उसके मृत पति के पैसे निकालने के एवज में सरेआम रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हुआ है।
मैनेजर का रसूख और अहंकार ऐसा है कि क्षेत्र के विधायक को भी वह दो टूक कह चुकी है- ‘मैं बिहारी हूं… जो करना है कर लो।’
खबर की बड़ी बातें (Highlights)
- पीड़िता: खेलन बाई सतनामी, जिसके पति रूपदास का एक साल पहले निधन हो गया था।
- आरोपी: अनीता पांडेय, ब्रांच मैनेजर (सहकारी बैंक, निपनिया शाखा)।
- रिश्वत का सौदा: मृत पति के खाते में जमा 1 लाख 10 हजार रुपए निकालने के लिए 10 हजार की मांग, 5 हजार में हुआ सौदा।
- विधायक का खुलासा: भाटापारा विधायक इंद्र साव को फोन पर दे चुकी है खुलेआम चुनौती।
- कार्रवाई: कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जनदर्शन में शिकायत मिलने के बाद दिए जांच के सख्त आदेश।
कफन के पैसों पर भी ‘कमीशन’ की डकैती –निपनिया गांव की रहने वाली बुजुर्ग खेलन बाई सतनामी अपने मृत पति रूपदास सतनामी के खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंची थी। पति के खाते में 1 लाख 10 हजार रुपए जमा थे। आरोप है कि बैंक की ब्रांच मैनेजर अनीता पांडेय ने इस बेबस महिला पर तरस खाने के बजाय ‘कमीशन’ का फंदा फेंक दिया। पहले 10 हजार रुपए मांगे गए और जब गरीब महिला ने असमर्थता जताई, तो बेशर्मी से 5 हजार रुपए में सौदा तय कर लिया गया।
कैमरे में कैद हुआ ‘काले कारनामे’ का सच – जब यह घूसखोरी चल रही थी, तब महिला के साथ आए एक जागरूक ग्रामीण ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में मैनेजर की बेखौफी साफ नजर आ रही है। वह दस्तावेजों पर साइन करवाती है और महिला के बेटे से कहती है- “जल्दी पैसे निकालो बोल रही हूं।” इसके बाद जब बेटा 5 हजार रुपए थमाता है, तो मैनेजर उसे लेकर कहती है- “मेरे पास आना कभी भी आना हो तो… अगर कोई परेशानी होगी तो बुलाऊंगी बेटा।” यह मीठा जहर अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है।
‘मैं बिहारी हूं… जो करना है कर लो’ – विधायक से बदसलूकी – इस महिला अधिकारी की तानाशाही सिर्फ गरीब किसानों तक सीमित नहीं है। भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी इसकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने बताया कि इस मैनेजर के खिलाफ पहले भी किसानों से बदसलूकी और रिश्वतखोरी की ढेरों शिकायतें आ चुकी हैं।
विधायक ने अपने अनुभव का सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा :
“एक साल पहले जब मैंने किसानों की शिकायत को लेकर इस मैनेजर से फोन पर बात की थी, तो अधिकारी ने बेहद बदतमीजी से जवाब दिया। उसने साफ लहजे में कहा- ‘मैं बिहारी हूं… जो करना है कर लो।’ और सीधे फोन काट दिया।” – इंद्र साव (विधायक, भाटापारा)
कलेक्टर के दरबार में पहुंची गुहार, FIR की मांग – अपने साथ हुई इस लूट के बाद हिम्मत दिखाते हुए खेलन बाई सतनामी सीधे ‘जनदर्शन’ में पहुंच गई और कलेक्टर कुलदीप शर्मा को पूरी आपबीती सुनाई। उसने घूसखोरी का वह वायरल वीडियो भी प्रशासन को सौंपा। महिला ने सख्त लहजे में भ्रष्ट मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो के दबाव को देखते हुए बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तत्काल संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को जांच के आदेश दे दिए हैं। अब देखना यह है कि ‘जो करना है कर लो’ की हेकड़ी दिखाने वाली इस भ्रष्ट अधिकारी पर प्रशासन का डंडा चलता है, या रसूख के आगे सिस्टम फिर से घुटने टेक देता है।




