रायपुर में हाई-प्रोफाइल ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ : दिल्ली से ‘कुरियर’ के जरिए आ रहा था ‘ओसियन ग्रो गांजा’, आईफोन वाला तस्कर गिरफ्तार…

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली स्ट्राइक की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कटोरा तालाब के पास घेराबंदी कर एक ऐसे अंतर्राज्यीय तस्कर को दबोचा है, जो सामान्य गांजा नहीं बल्कि विदेशों में लोकप्रिय ‘ओसियन ग्रो गांजा’ (Ocean Grown Ganja) की सप्लाई कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई ने शहर के रईसजादों और ड्रग नेटवर्क के बीच पनप रहे एक खतरनाक गठजोड़ को बेनकाब कर दिया है।
मशहूर ‘Ocean Grown’ के साथ दिल्ली का तस्कर ढेर – पकड़ा गया आरोपी रितिक पसरिचा (26 वर्ष) मूल रूप से दिल्ली का निवासी है, जो रायपुर के मोवा इलाके में रहकर अपना जाल फैला रहा था। पुलिस ने जब रितिक की तलाशी ली, तो उसके बैग से मिले सामान ने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। उसके पास से पहली बार प्रीमियम क्वालिटी का ‘ओसियन ग्रो गांजा’ बरामद हुआ है, जिसकी कीमत और नशा दोनों ही सामान्य गांजे से कहीं अधिक है।
जब्ती का लेखा-जोखा (कुल कीमत: ₹3,62,600) – पुलिस ने आरोपी के पास से ‘डिजिटल लाइफस्टाइल’ और ‘ड्रग्स’ का घातक मिश्रण बरामद किया है:
- ओसियन ग्रो गांजा : 114 ग्राम
- नॉर्मल गांजा : 2.870 किलोग्राम
- गैजेट्स: एप्पल (iPhone), दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू (सटीक माप के लिए)
- अन्य: ₹3000 नगद और पैकिंग के लिए जिपर पन्नियां।
कुरियर कंपनी के जरिए ‘होम डिलीवरी’ का खेल – पूछताछ में रितिक ने जो खुलासा किया, वह पुलिस के लिए भी चुनौती बन गया है। आरोपी दिल्ली से कुरियर के माध्यम से नशे की खेप रायपुर मंगवाता था। यानी ड्रग्स अब सड़क या रेल मार्ग के बजाय सीधे पार्सल के जरिए शहर में पहुंच रहे थे।
“हम इस नेटवर्क की गहराई तक जा रहे हैं। संबंधित कुरियर कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि आखिर उनकी आंखों के नीचे से ड्रग्स की सप्लाई कैसे हो रही थी।” – पुलिस प्रशासन
रडार पर ड्रग नेटवर्क के ‘सफेदपोश’ चेहरे – आरोपी के पास से मिले iPhone में कई रसूखदार संपर्क होने की आशंका है। पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि रायपुर में रितिक के ग्राहक कौन थे और दिल्ली में उसका मुख्य हैंडलर कौन है।
कार्रवाई की धाराएं: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बड़ी चेतावनी : रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि राजधानी अब नशे के नए स्वरूप ‘सिंथेटिक और प्रीमियम ड्रग्स’ की गिरफ्त में है। कुरियर से ड्रग्स मंगाना पुलिस के लिए एक नई और जटिल चुनौती पेश कर रहा है।



