रायगढ़

DGP अरुण देव गौतम का रायगढ़ में कड़ा संदेश : “पक्षपात बर्दाश्त नहीं, निष्पक्ष और पारदर्शी पुलिसिंग ही प्राथमिकता”… टीम रायगढ़ की थपथपाई पीठ…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री अरुण देव गौतम ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिले की पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि खाकी का इकबाल जनता के विश्वास और निष्पक्ष कार्रवाई से ही बुलंद होगा। जशपुर से सड़क मार्ग द्वारा रायगढ़ पहुंचे डीजीपी ने देर रात तक चली मैराथन बैठक में अधिकारियों को दो टूक कहा कि थानों में आने वाले हर पीड़ित की सुनवाई स्वयं प्रभारी करें और त्वरित न्याय सुनिश्चित करें।

बेसिक पुलिसिंग और बीट सिस्टम पर फोकस – डीजीपी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बीट प्रणाली को पुलिस की रीढ़ बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सूचना संकलन (Intelligence) को मजबूत करने के लिए बीट स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए।

“पुलिसिंग ऐसी हो कि अपराधी में खौफ और आम आदमी में सुरक्षा का भाव हो।” – श्री अरुण देव गौतम, DGP

बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु पुलिस की कार्यप्रणाली रही। डीजीपी ने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि किसी भी मामले में पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की हर कार्रवाई पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आए और पीड़ितों को भटकना न पड़े। समंस-वारंट की तामिली और विशेषज्ञों की रिपोर्ट समय पर न्यायालय भेजने के भी कड़े निर्देश दिए गए।

फायर सर्विस का निरीक्षण और सारंगढ़ को सौगात – आज सुबह डीजीपी ने होमगार्ड की फायर यूनिट का बारीकी से निरीक्षण किया। संसाधनों की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के दो फायर वाहन रायगढ़ में संचालित हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने तुरंत कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से चर्चा की और इन वाहनों को शीघ्र सारंगढ़ भेजने व वहां फायरमैन की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर क्राइम और नए बल की तैनाती – पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए डीजीपी ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ ‘म्यूल अकाउंट्स’ पर प्रभावी प्रहार कर रही है। उन्होंने खुशखबरी साझा की कि:

  • CCCTNS का अपग्रेडेशन कर संसाधनों में वृद्धि की जा रही है।
  • ​जल्द ही नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टरों की पदस्थापना होगी, जिससे फील्ड पुलिसिंग को जबरदस्त मजबूती मिलेगी।

टीम रायगढ़ की थपथपाई पीठ – डीजीपी ने एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे नवाचारों और अपराध नियंत्रण की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के साथ मिलकर काम करना ही आधुनिक पुलिसिंग का मूल मंत्र है।

उपस्थिति : इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एएसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

रायगढ़ पुलिस द्वारा जनहित में जारी।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!