रायगढ़

ऑपरेशन आघात : घरघोड़ा पुलिस का बड़ा प्रहार; नदी किनारे चल रही 8 अवैध भट्ठियां ध्वस्त, 190 लीटर शराब के साथ ‘छोटू’ गिरफ्तार…

रायगढ़। पुलिस द्वारा अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़ा गया “ऑपरेशन आघात” अब अपने पूरे शबाब पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के कड़े तेवरों के बाद जिले भर में अवैध शराब निर्माताओं में हड़कंप मचा हुआ है। इसी कड़ी में आज घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम घरघोड़ी में दबिश देकर भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त की है।

नदी किनारे चल रहा था मौत का कारोबार : मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने ग्राम घरघोड़ी के खेतधरहा नदी किनारे सुनसान इलाके में घेराबंदी की। वहां का नजारा देख पुलिस भी दंग रह गई; नदी के किनारे बड़े पैमाने पर अवैध शराब खींचने का काम चल रहा था।

8 भट्ठियां नष्ट, रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी – पुलिस ने मौके पर दबिश देकर छोटू डनसेना (37 वर्ष) को रंगे हाथों शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिसिया कार्रवाई के दौरान मौके पर धधक रही 8 अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

जब्ती का विवरण :

  • महुआ शराब: 190 लीटर (कीमत लगभग ₹19,000)
  • उपकरण: शराब बनाने में प्रयुक्त सिल्वर के बड़े बर्तन, टिन टीपा और अन्य सामग्री।

गैर-जमानतीय धाराओं में कार्रवाई – आरोपी छोटू डनसेना के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत आरोपी को आसानी से जमानत नहीं मिलेगी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शराब के अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के लिए अब जेल ही एकमात्र ठिकाना है।

SSP की ‘दो टूक’ चेतावनी : “सुधर जाएं या जेल जाने को तैयार रहें” – एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस सफल कार्रवाई के बाद अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा:

“ऑपरेशन आघात के तहत हमारी कार्रवाई तब तक नहीं रुकेगी जब तक अवैध शराब का कारोबार जड़ से खत्म न हो जाए। शराब के अवैध धंधे में शामिल लोग इस काले कारोबार को छोड़ें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जिएं। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

कार्रवाई में शामिल जांबाज टीम : इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के साथ प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धोराम पटेल और महिला आरक्षक सुप्रिया सिदार की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

घरघोड़ा क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं आम जनता ने पुलिस की इस मुस्तैदी का स्वागत किया है।

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!