जशपुर

जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन : ₹8.39 लाख के सरकारी बारदाने डकारने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुंचे ‘गबन’ के खिलाड़ी…

जशपुर। सरकारी संपत्ति पर डाका डालने और किसानों के हक के बारदानों का गबन करने वालों के खिलाफ जशपुर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पी.डी.एस. (PDS) के 33,850 नग बारदानों के गबन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रिजवान अली और चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी सुधीर साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला? – मामला वर्ष 2022-23 का है, जब सूरजपुर निवासी रिजवान अली को कांसाबेल क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से उपयोग किए गए बारदानों के संकलन और परिवहन का जिम्मा सौंपा गया था। आरोपी ने ईमानदारी की जगह ‘बेईमानी’ का रास्ता चुना और कुल 33,850 नग बारदाने (कीमत लगभग ₹8,39,500) कुनकुरी स्थित विपणन संघ के गोदाम में जमा कराने के बजाय रास्ते से ही गायब कर दिए।

कलेक्टर की जांच में खुली पोल : जब उचित मूल्य दुकानों से बारदाने गायब होने की शिकायत मिली, तो कलेक्टर जशपुर ने एक विशेष जांच कमेटी गठित की। कमेटी की पड़ताल में यह साफ हो गया कि रिजवान अली ने सरकारी संपत्ति का गबन किया है। जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में भादवि की धारा 408, 420 और 411 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

सूरजपुर और अंबिकापुर में पुलिस की दबिश : जशपुर के DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जाल बिछाया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद:

  • रिजवान अली (मुख्य आरोपी) : निवासी सूरजपुर को हिरासत में लिया।
  • सुधीर साहू (खरीददार) : अंबिकापुर के इस व्यापारी को गबन के बारदाने खरीदने के आरोप में दबोचा।

बरामदगी और जब्ती : पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन (MP 65-GA-0244) और 4,000 नग बारदाने बरामद कर लिए हैं। शेष बारदानों की तलाश के लिए पुलिस की विवेचना अभी भी जारी है।

पुलिस टीम की सफलता : इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के इस सख्त रुख से क्षेत्र के भ्रष्टाचार करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!