फेसबुक वाला ‘प्यार’ निकला धोखा : शादी का झांसा देकर 2 साल तक लूटता रहा अस्मत, रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा…

रायगढ़। फेसबुक की फ्रेंड रिक्वेस्ट से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत सलाखों के पीछे हुआ है। रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत महिला थाना पुलिस ने शिकायत के महज 24 घंटे के भीतर यह बड़ी कार्रवाई की है।
फेसबुक पर दोस्ती, फिर विश्वास का कत्ल : मामला रायगढ़ के रामभाठा इलाके का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान प्रतीक सिदार से फेसबुक के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और आरोपी प्रतीक ने शादी का वादा कर पीड़िता का विश्वास जीत लिया।
2 साल तक शारीरिक शोषण, शादी के नाम पर मुकरा : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी प्रतीक ने 4 मार्च 2024 से लेकर जनवरी 2026 के बीच पीड़िता को शादी का झांसा देकर विभिन्न स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने उस पर शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसे मझधार में छोड़ दिया। हार मानकर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एक्शन मोड में पुलिस: 24 घंटे में गिरफ्तारी : एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त और उनकी टीम ने तत्काल घेराबंदी की। आरोपी प्रतीक सिदार (26 वर्ष) को उसके निवास जवाहर नगर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी का कड़ा संदेश :
“महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। हमारी प्राथमिकता हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाना और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना है।”
श्री शशि मोहन सिंह (SSP, रायगढ़)
पुलिस टीम की सफलता : इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक संदीप भगत और महिला थाना टीम की विशेष भूमिका रही।




