खाकी का खौफ : कोरबा में मैकेनिक ने लगा ली फांसी, सुसाइड से पहले वीडियो में खोला पुलिस की ‘गाली’ का राज…

कोरबा। न्याय की उम्मीद जिसे देखकर जागनी चाहिए, उसी वर्दी के खौफ ने एक मासूम जान ले ली। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पंतोरा चौकी पुलिस की कथित प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार से डरकर एक गैरेज मैकेनिक ने मौत को गले लगा लिया। मरने से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया है, जो अब पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।
क्या है पूरा मामला? – मिली जानकारी के अनुसार, पंतोरा चौकी क्षेत्र का एक युवक किसी लड़की को लेकर फरार हो गया था। पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने फरार युवक के साथ रहने वाले उसके रूममेट (मैकेनिक) को फोन लगाया।
आरोप है कि फोन करने वाले आरक्षक ने मैकेनिक युवक के साथ फोन पर जमकर गाली-गलौच की और उसे डराते-धमकाते हुए तत्काल चौकी हाजिर होने का फरमान सुनाया। पुलिस का यह रौद्र रूप और पूछताछ के दौरान होने वाली संभावित मारपीट के डर ने युवक को इस कदर तोड़ दिया कि उसने पंखे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सुसाइड वीडियो : “जब फोन पर इतनी गाली, तो वहां क्या होगा?” – युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपने मोबाइल पर एक वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में युवक की आंखों में खौफ साफ देखा जा सकता है। उसने स्पष्ट किया कि:
- उसका अपने साथी के भागने में कोई हाथ नहीं है।
- उसे परिवार की तरफ से कोई तनाव नहीं था।
- पंतोरा चौकी से आए फोन में उसे इतनी गालियां दी गईं कि वह बुरी तरह सहम गया।
- वीडियो में वह कहता सुना जा रहा है – “जब फोन पर इतनी गालियां दी जा रही हैं, तो चौकी जाने पर मेरे साथ क्या होगा?”
“वर्दी का रसूख जब रक्षक के बजाय भक्षक की छवि बनाने लगे, तो समाज का कानून पर से भरोसा उठना लाजमी है।”
जांच के घेरे में ‘पंतोरा पुलिस’ – इस घटना ने कोरबा पुलिस की छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है। फिलहाल उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बड़ा सवाल यह है कि क्या उन पुलिसकर्मियों पर ‘आत्महत्या के लिए उकसाने’ का मामला दर्ज होगा, जिनकी बदजुबानी ने एक युवक को मौत की दहलीज तक धकेल दिया?
क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। अब देखना होगा कि जिला पुलिस प्रशासन अपने ही महकमे के उन चेहरों पर क्या कार्रवाई करता है, जिन्होंने खाकी को दागदार किया है।



