BREAKING : रायगढ़ में ‘सड़क के छछूंदरों’ पर पुलिस का कड़ा प्रहार ; 40 नाबालिग धराए!…

रायगढ़ | 28 फरवरी, 2026 होली की खुमारी में हुड़दंग मचाने की तैयारी कर रहे नाबालिगों और लापरवाह अभिभावकों के लिए रायगढ़ पुलिस ने ‘खतरे की घंटी’ बजा दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के हंटर ने शहर की सड़कों पर सन्नाटा खींच दिया है।
आधी उम्र, पूरा जोखिम : थाने पहुंचे मां-बाप – कल शहर के प्रमुख चौराहों पर सीएसपी मयंक मिश्रा की अगुवाई में चली विशेष घेराबंदी में 40 नाबालिग बाइकर्स को रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने केवल बच्चों को ही नहीं रोका, बल्कि उनके अभिभावकों को थाने तलब कर उनकी क्लास ली। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सभी पर 1000-1000 रुपये का जुर्माना ठोंका गया है।
“बच्चे की जिद प्यारी है या उसकी जान?” – पुलिस की इस कड़ी फटकार ने कई अभिभावकों के पसीने छुड़ा दिए।
मॉडिफाइड साइलेंसर और बाइकर गैंग रडार पर : पुलिस की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकने वाली। एसएसपी और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के सख्त निर्देश हैं :
- पटाखा साइलेंसर: अगर गाड़ी से पटाखे की आवाज निकली, तो गाड़ी सीधे थाने जाएगी।
- बाइकर गैंग: तेज रफ्तार और स्टंटबाजी करने वालों की पहचान की जा रही है।
- जब्ती की चेतावनी: दोबारा पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगेगा, बल्कि वाहन राजसात (जब्त) कर लिया जाएगा।
एसएसपी की दोटूक चेतावनी : एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि:
“सड़कें रेसिंग ट्रैक नहीं हैं। नाबालिगों को चाबी थमाना उन्हें मौत के करीब भेजने जैसा है। अगर भविष्य में बच्चे सड़क पर स्टंट करते मिले, तो गाड़ियां तो जब्त होंगी ही, माता-पिता पर भी कानूनी केस दर्ज किया जाएगा।”
रायगढ़ पुलिस की अपील : होली खुशियों का त्यौहार है, मातम का नहीं। अपने बच्चों को वाहन न दें, नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।




