खेत में ट्रैक्टर छोड़ मौत के फंदे पर झूला किसान : पत्थलगांव में सनसनी, जुताई करते-करते बबूल के पेड़ पर लगाई फांसी…

जशपुर (पत्थलगांव)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बटुराबहार गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान ने अपने ही खेत में जुताई के दौरान मौत को गले लगा लिया। सनक या अवसाद? पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है।
ट्रैक्टर चल रहा था, सांसे थम गईं : चश्मदीदों के मुताबिक, किसान रोज की तरह अपने खेत में ट्रैक्टर लेकर जुताई करने निकला था। इंजन की आवाज गूंज रही थी और काम जारी था। तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको सन्न कर दिया। किसान ने ट्रैक्टर खड़ा किया और बिना किसी को कुछ कहे, खेत के किनारे लगे एक बबूल के पेड़ की ओर बढ़ा। वहां उसने अपने पास रखी रस्सी का फंदा बनाया और मौत की छलांग लगा दी।
पुलिस की एंट्री और पोस्टमार्टम की कार्रवाई : खेत में लाश लटकती देख आसपास के ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई। तत्काल पत्थलगांव पुलिस को सूचित किया गया। थाना प्रभारी विनीत पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक्सीडेंट बना काल : मानसिक बीमारी की आशंका -प्रारंभिक जांच में जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक:
- मृतक किसान कुछ समय पहले एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हुआ था।
- हादसे के बाद से ही उसके सिर पर गहरी चोट का असर था और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगा था।
- माना जा रहा है कि इसी मानसिक बीमारी और तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
“मृतक का पूर्व में एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।”
विनीत पांडेय, थाना प्रभारी, पत्थलगांव
इलाके में मातम का माहौल : इस घटना ने बटुराबहार गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां किसान की मौत से परिवार उजड़ गया है, वहीं गांव के लोग इस बात से हैरान हैं कि काम के बीच में अचानक उसने मौत को कैसे चुन लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किसान ने हादसे के बाद इलाज में कोई कोताही बरती थी या वह किसी अन्य भारी दबाव में था।




