खूनी ‘बर्थडे’ : शक की आग में भांजे ने काटा मामी का गला, होटल में केक काटा फिर जंगल में उतारा मौत के घाट

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक युवक ने अपने ही जन्मदिन के जश्न को ‘डेथ वारंट’ में बदल दिया। अपनी मामी से लव मैरिज करने वाले युवक ने चरित्र शंका के चलते पहले उसे शराब पिलाई, फिर चाकू से गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्रेम, अवैध संबंध और फिर खूनी अंत : मामले की जड़ें करीब 8 साल पुरानी हैं। मृतका पिंकी सोलंकी (26) की शादी पहले शिवदास से हुई थी। शिवदास का भांजा हेमंत सोलंकी (24) जब काम की तलाश में अपने मामा के घर अंबिकापुर रहने आया, तो मामा की गैरमौजूदगी में मामी और भांजे के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। यह रिश्ता इस कदर परवान चढ़ा कि पिंकी ने अपने पति को छोड़कर उम्र में 2 साल छोटे भांजे हेमंत से शादी कर ली। दोनों के बच्चे भी हुए, जिनमें से एक महज 5 माह की बच्ची है।
सोशल मीडिया और ‘तीसरा’ बना विवाद की वजह : पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, कुछ समय से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। हेमंत को पिंकी के सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने और अन्य लड़कों से बात करने पर शक था। वहीं, मृतका की बहन रिंकी का आरोप है कि हेमंत का किसी और से अफेयर था। इसी विवाद के चलते पिंकी अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी थी। पत्नी की इसी बेरुखी और शक ने हेमंत को कातिल बना दिया और उसने 2 महीने पहले ही हत्या की साजिश रच डाली।
साजिश : केक, शराब और कत्ल का खौफनाक मंजर – 29 जनवरी को हेमंत का जन्मदिन था। इसे उसने अपनी साजिश को अंजाम देने के लिए चुना।
- होटल में पार्टी : हेमंत ने पिंकी को बर्थडे मनाने के बहाने बुलाया। दोनों अंबिकापुर के एक होटल पहुंचे, जहां केक काटा गया और नाश्ता किया।
- शराब का दौर : इसके बाद आरोपी उसे पिलखा पहाड़ स्थित पिकनिक स्पॉट ‘मोरभंज’ ले गया। वहां दोनों ने खूब शराब पी।
- जंगल में मर्डर : जब पिंकी नशे में बेसुध होने लगी, हेमंत उसे घने जंगल के अंदर ले गया। वहां पहले दुपट्टे से उसका गला घोंटा और फिर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी : पिंकी के घर न लौटने और मोबाइल बंद होने पर परिजनों को शक हुआ। जयनगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हेमंत सोलंकी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
“आरोपी ने जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाकर सुनियोजित तरीके से जंगल में अपनी पत्नी (मामी) की हत्या की। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।” – पुलिस प्रशासन, सूरजपुर।



