जशपुर

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन अवैध धान’: झारखंड से खपाने लाया जा रहा 230 क्विंटल धान जब्त, तस्करों के मंसूबों पर फिरा पानी…

बिचौलियों पर प्रहार : अब तक 2600 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ा गया, सरहदी इलाकों में पुलिस का कड़ा पहरा…

जशपुर। छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी के महापर्व में सेंधमारी करने की कोशिश कर रहे ‘धान माफियाओं’ की कमर तोड़ने में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सरहदी राज्य झारखंड से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ के उपार्जन केंद्रों में खपाने की फिराक में लगे बिचौलियों के मंसूबों को पुलिस ने एक बार फिर नाकाम कर दिया है।

​ताजा कार्रवाई में लोदाम थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक ट्रक और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है, जिनसे 230 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 29 हजार रुपए आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग कार्रवाई – पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे सघन अभियान के तहत लोदाम पुलिस ने दो बड़ी स्ट्राइक कीं:

  • ट्रैक्टर से 30 क्विंटल धान जब्त : 19 जनवरी की सुबह, मुखबिर की सटीक सूचना पर भलमंडा चौक के पास पुलिस ने ट्रैक्टर (CG-14-MR-7224) को घेराबंदी कर रोका। तलाशी में 65 बोरियों में भरा 30 क्विंटल धान मिला। चालक सत्यमूर्ति तिर्की (35) निवासी भलमंडा ने बताया कि वह यह धान कीतम (झारखंड) से लाकर जशपुर के बोडोकछार निवासी देवघन राम के यहां खपाने ले जा रहा था।
  • ट्रक से 200 क्विंटल की बड़ी खेप बरामद : उसी रात करीब 8:30 बजे, ग्राम साईं टांगर टोली के पास पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक (CG-04-MC-5664) को दबोचा। ट्रक में 450 बोरियों में ठूस-ठूस कर भरा 200 क्विंटल धान लोड था। ट्रक चालक बबन सिंह (53), जो रांची (झारखंड) का निवासी है, कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। उसने कबूला कि यह धान रांची के दिवाकर सिंह का है।

आंकड़े दे रहे गवाही : पुलिस की सख्ती से तस्कर पस्त – जशपुर पुलिस की यह कार्रवाई केवल एक घटना नहीं, बल्कि एक सतत अभियान का हिस्सा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो जशपुर पुलिस ने अब तक:

  • 45 से अधिक अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज किए हैं।
  • 2600 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया है।

अधिकारियों का बयान

“जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। लोदाम क्षेत्र में 230 क्विंटल धान की जब्ती इसी सतर्कता का परिणाम है। सरहदी रास्तों पर हमारी पैनी नजर है और बिचौलियों के खिलाफ यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”

शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर

इनकी रही सराहनीय भूमिका : इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक महेश्वर यादव की भूमिका अहम रही। पुलिस ने दोनों वाहनों और धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!