रायगढ़ में पीडीएस दुकान पर प्रशासन का बड़ा एक्शन : राशन में गड़बड़ी करने वाली एजेंसी निलंबित, अब यहाँ से मिलेगा अनाज…

रायगढ़। जिला प्रशासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में लापरवाही और अनियमितता को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है। जगतपुर वार्ड क्रमांक 04 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में भारी गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान संचालन एजेंसी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? – खाद्य अधिकारी रायगढ़ ने जानकारी दी कि जगतपुर वार्ड क्रमांक 04 स्थित दुकान (आईडी 411001089) की जांच के दौरान स्टॉक में भारी कमी पाई गई थी। जांच में स्पष्ट हुआ कि हितग्राहियों को राशन वितरण में नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर विभाग ने संचालन एजेंसी ‘समलेश्वरी महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित’ (नया गंज, इतवारी बाजार) को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
नोटिस का जवाब नहीं, तो गिरी गाज – हैरानी की बात यह है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समिति के अध्यक्ष, सचिव या विक्रेता ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और राशन वितरण में गड़बड़ी को देखते हुए प्रशासन ने समिति को निलंबित कर दिया है।
हितग्राहियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था – राशन कार्डधारियों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक इंतजाम किए हैं। अब जगतपुर वार्ड 04 के सभी हितग्राही अपनी राशन सामग्री समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी 412001001), जिसका संचालन ‘प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार मर्यादित, अमलीभौना’ द्वारा किया जाता है, वहां से प्राप्त कर सकेंगे।




