ब्रेकिंग क्राइम रिपोर्ट – जशपुर से बड़ी ख़बर : मनमाड़ जंक्शन (महाराष्ट्र) से फरार पत्नी गिरफ्तार, पति की हत्या कर सूटकेस में छिपाया था शव…

जशपुर। हैप्पी भाटिया : पुलिस ने दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए, तीन दिन से फरार चल रही महिला मंगरीता भगत (40 वर्ष) को महाराष्ट्र के मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया। यह वही महिला है जिसने अपने पति संतोष भगत की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को सूटकेस में भरकर घर के अंदर ही छिपा दिया था।
कब, कहाँ और कैसे हुआ पूरा मामला? – 9 नवंबर 2025 को थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर में पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में सूटकेस से दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस खोला, तो उसमें संतोष भगत का रक्तरंजित शव मिला। मृतक के बड़े भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला BNS की धारा 103(1) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की।
पहली ही जांच में पुलिस को शक घर की बहू मंगरीता भगत पर गया, जो घटना वाले दिन से फरार थी।
फरार पत्नी का पीछा – जशपुर पुलिस पहुँची महाराष्ट्र : तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस को पता चला कि मंगरीता मुंबई की ओर भाग रही है। SSP शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम तुरंत महाराष्ट्र रवाना की गई। मनमाड़ रेलवे जंक्शन पर GRP और RPF की मदद से आरोपी महिला को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई में GRP – SP श्वेता सिन्हा, DSP अख्तर, GRP व RPF की विशेष भूमिका रही।
पूछताछ में उजागर हुई खौफनाक कहानी – पूछताछ में मंगरीता ने पूरे घटनाक्रम का खौफनाक खुलासा किया :
- महिला का गांव में ही रिश्तेदारी के देवर विनोद के साथ प्रेम संबंध था।
- पति संतोष इस बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट करता था।
- 7 नवंबर की रात खाना निकालने की बात पर फिर झगड़ा हुआ।
- गुस्से में मंगरीता ने घर के बाहर पड़ी लोहे की गैंती से दरवाजे का किवाड़ तोड़ा, जो गिरकर संतोष पर आ गिरा।
- फिर उसने पत्थर की शीलपट्टा से पति के सिर पर दो बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
- रात 2 बजे वह उठी और शव को ट्रॉली सूटकेस में भरकर घर में ही छोड़ दिया।
- अगले दिन बढ़ई बुलाकर टूटा किवाड़ ठीक करवाया और गांववालों व मृतक के माता-पिता को झूठ बोल दिया कि संतोष रांची चला गया है।
- दोपहर बाद घर को बाहर से लॉक कर रायगढ़ भाग गई और वहीं से मुंबई जाने ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रही थी।
सबूत बरामद – हत्या का हथियार भी मिला : आरोपिया की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त शीलपट्टा को भी ज़ब्त कर लिया है। आरोपिया ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
जशपुर पुलिस की तीव्र कार्रवाई : पूरे मामले में
- निरीक्षक संत लाल आयाम,
- निरीक्षक कृष्णकांत साहू, थाना प्रभारी दुलदुला,
- महिला प्रधान आरक्षक चम्पा पैंकरा,
- आरक्षक पंकज कुजूर, एलेक्शियूस तिग्गा, सालदान टोप्पो,
- तथा साइबर टीम
की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SSP जशपुर का बयान : “पति की हत्या कर फरार हुई आरोपिया को GRP रायपुर और RPF की मदद से मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है, उसे जेल भेजा जा रहा है।” – SSP शशि मोहन सिंह
यह मामला न सिर्फ घरेलू विवाद की भयावह परिणति को दर्शाता है, बल्कि जशपुर पुलिस की तेज, विशेष और तकनीकी कार्रवाई का भी बड़ा उदाहरण है।




