घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप: पति ने पत्नी की बेरहमी से की हत्या, उदयपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा…

उदयपुर (सरगुजा)। जिला सरगुजा के थाना उदयपुर अंतर्गत पुटा जुनापारा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ आपसी विवाद और रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर एक पति ने अपनी ही पत्नी की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विवाद बना मौत का कारण : घटना 5 और 6 जनवरी 2026 की दरमियानी रात की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी इजोर साय (50 वर्ष) का अपनी पत्नी नइहारो के साथ अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसकी पत्नी हमेशा झगड़ा करती थी, जिससे नाराज होकर उस रात उसने हिंसक रूप धारण कर लिया।
सांस रोककर ली जान : आरोपी ने पहले फावड़े के बेंत (डंडे) से अपनी पत्नी पर हमला करने की कोशिश की। जब मृतिका ने अपना बचाव किया, तो आरोपी ने उसे मुक्कों से चेहरे और छाती पर मारा। पत्नी के जमीन पर गिरते ही आरोपी ने उसका नाक और मुंह जोर से दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की सख्त कार्यवाही : सरगुजा पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, उदयपुर पुलिस टीम ने धारा 103 (1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
शार्ट पीएम रिपोर्ट में खुलासा : मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतिका के भाई दिलबोध राम ने थाना उदयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि मृत्यु सांस रुकने और दम घुटने के कारण हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
कार्यवाही में शामिल टीम : इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, प्रधान आरक्षक देवनारायण सिंह, आरक्षक रविन्द्र साहू, देवेंद्र सिंह और सुलक्ष्मणा की सक्रिय भूमिका रही।




