जशपुर पुलिस का महाअभियान: ‘नोनी रक्षा’ और सम्मान के साथ महिला सुरक्षा रजत जयंती वर्ष का भव्य आगाज…

जशपुर। जशपुर पुलिस ने नए साल की शुरुआत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ की है। जिला मुख्यालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ‘महिला सुरक्षा रजत जयंती वर्ष 2025-26’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। 11 दिनों तक चलने वाला यह सघन जनजागरूकता अभियान 1 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में संचालित होगा।
उपलब्धियों को मिला सम्मान: तीन ‘प्रेरणादूत’ महिलाएं सम्मानित : कार्यक्रम के दौरान जिले की तीन ऐसी महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी मेहनत से समाज में मिसाल पेश की है:
- श्रीमती पंडरी बाई: जनजातीय बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखारने के लिए।
- श्रीमती सुमन ताम्रकार: पर्वतारोहण के क्षेत्र में अदम्य साहस का परिचय देते हुए जिले का नाम रोशन करने के लिए।
- श्रीमती आकांक्षा रानी: BCCI अंडर-19 टीम में चयनित होकर खेल जगत में उपलब्धि हासिल करने के लिए।
11 दिनों तक चलेगा जागरूकता का रथ : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान जिले के शहरी, ग्रामीण और संवेदनशील क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से चलेगा। इसके मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:
- कानूनी जागरूकता : घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध, पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी।
- करियर एवं शिक्षा : स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग और व्यक्तित्व विकास सत्र।
- स्वास्थ्य एवं पोषण : स्वच्छता और पौष्टिक आहार के प्रति महिलाओं को जागरूक करना।
- प्रतियोगिताएं : आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए खेलकूद, निबंध और रंगोली जैसी गतिविधियां।
‘नोनी रक्षा दल’ और हेल्पलाइन 9479128400 – जशपुर पुलिस की विशेष इकाई ‘नोनी रक्षा दल’ इस अभियान की धुरी है। DSP आशा लकड़ा के नेतृत्व में यह दल 24 घंटे सक्रिय है। महिलाओं की त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479128400 जारी किया गया है और इसके लिए एक समर्पित वाहन भी तैनात किया गया है।
“भारत का संविधान और कानून महिलाओं को सशक्त बनाता है। जशपुर पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। आने वाले दिनों में नोनी रक्षा दल के कार्यों का और विस्तार किया जाएगा।”
शशि मोहन सिंह, SSP जशपुर
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, एडिशनल एसपी अनिल सोनी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और पुलिस बल उपस्थित रहा।




