विशेष पहल : मूकबधिर दिव्यांगों को मिलेगा फ्लिपकार्ट में रोजगार, 23 दिसंबर को रायपुर में लगेगा मेगा प्लेसमेंट कैम्प…

रायपुर। दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में समाज कल्याण विभाग ने एक बड़ी पहल की है। छत्तीसगढ़ के मूकबधिर (Deaf & Mute) और श्रवणबधिर (Hearing Impaired) युवाओं के लिए आगामी 23 दिसंबर को राजधानी रायपुर में एक विशेष ‘प्लेसमेंट कैम्प’ आयोजित किया जा रहा है। इस कैम्प के माध्यम से युवाओं को देश की प्रतिष्ठित ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart India Pvt. Ltd.) में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
साक्षात्कार से होगा सीधा चयन – उप संचालक, समाज कल्याण विभाग रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भर्ती पूरी तरह से साक्षात्कार के माध्यम से की जाएगी। फ्लिपकार्ट इंडिया द्वारा ‘एक्जीक्यूटिव असिस्टेंट’ के 10 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। चयनित अभ्यर्थियों को रायपुर के तेन्दुआ हीरापुर स्थित वेयरहाउस में स्कैनिंग, लोडिंग-अनलोडिंग, पैकिंग, पिकिंग और शॉर्टिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी।
वेतन और पात्रता की शर्तें : इस प्लेसमेंट कैम्प में छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी युवा (महिला एवं पुरुष दोनों) हिस्सा ले सकते हैं।
- आयु सीमा: 18 से 45 वर्ष के बीच।
- शैक्षणिक योग्यता: 10वीं, 12वीं अथवा स्नातक उत्तीर्ण।
- मानदेय: चयनित उम्मीदवारों को 11,000 से 14,000 रुपये प्रति माह तक का वेतन दिया जाएगा।
कहाँ और कब पहुँचना है? – अभ्यर्थियों को अपने मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुँचना होगा:
- दिनांक: 23 दिसंबर 2025
- समय: सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
- स्थान: विशेष रोजगार कार्यालय (दिव्यांगजनों के नियोजन हेतु), पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, राजभवन के बाजू, सिविल लाइन्स, रायपुर।
इन दस्तावेजों के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश : इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेजों की मूल प्रति (Original) और एक सेट छायाप्रति (Photocopy) अनिवार्य रूप से लाएं:
- शैक्षणिक अंकसूचियां (10वीं से स्नातक तक)।
- आधिकारिक दिव्यांगता प्रमाण-पत्र।
- निवास एवं आधार कार्ड।
- रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन प्रमाण-पत्र।
- दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो।
पंजीयन और संपर्क की सुविधा – प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पात्र अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाएं। सुविधा के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल www.e-rojgar.cg.gov.in पर अपना ऑनलाइन पंजीयन पहले ही कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए विभाग के दूरभाष क्रमांक 0771-4044081 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण सूचना : यह ध्यान रहे कि अभ्यर्थियों को स्वयं के व्यय पर ही कैम्प में शामिल होना होगा। विभाग की ओर से भोजन, आवास या यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।




