लैलूंगा पुलिस की सराहनीय पहल : ग्राम कोटवारों को दिया नशामुक्ति का मंत्र; शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और मेधावी छात्र हुए सम्मानित

रायगढ़/लैलूंगा (14 दिसंबर)। जिले में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे जन-जागरूकता और नशामुक्ति अभियान को लैलूंगा पुलिस ने नई गति दी है। शनिवार (13 दिसंबर 2025) को थाना लैलूंगा परिसर में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव की अध्यक्षता में ग्राम कोटवारों की एक अहम बैठक संपन्न हुई। इस दौरान न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई, बल्कि समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों का सम्मान भी किया गया।
कोटवारों को दी गई जिम्मेदारी : बैठक में थाना प्रभारी गिरधारी साव ने ग्राम कोटवारों को पुलिस और प्रशासन की ‘आंख और कान’ बताते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में कोटवारों की भूमिका अहम है। विशेष रूप से नशाबंदी अभियान को सफल बनाने के लिए उन्होंने कोटवारों से ग्रामीणों को जागरूक करने और नशीले पदार्थों के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान : इस मौके पर पुलिस ने एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए थाना क्षेत्र के उन लोगों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। थाना प्रभारी ने प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर इनका उत्साहवर्धन किया।
इनका हुआ सम्मान :
- स्वास्थ्य सेवा : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा की नर्स श्रीमती प्रीति जांगड़े एवं श्रीमती महेश्वरी राठिया।
- शिक्षा : सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य श्री सुनील महंत।
- शिक्षा (मेधावी छात्र) : कुमारी कशिश सिदार एवं कुमारी दीक्षा मरावी।
- सुरक्षा (ग्राम कोटवार) : ग्राम तारागढ़ के कोटवार श्री राजू सिंह चौहान एवं भेलवाटोली की कोटवार श्रीमती देवना बाई।
थाना प्रभारी ने सभी सम्मानित जनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे नागरिक ही स्वस्थ समाज के निर्माण में धुरी का काम करते हैं।




