जशपुर

EXCLUSIVE: जशपुर में ‘मौत’ वाली बस का खौफनाक सफर! नशे में धुत खलासी ने शहर को बनाया बंधक, थाने और कलेक्ट्रेट के सामने से दौड़ाई बेकाबू बस…

जशपुर। मंगलवार की शाम जशपुर शहर की सड़कें किसी बॉलीवुड फिल्म के स्टंट सीन जैसी नहीं, बल्कि साक्षात ‘मौत के तांडव’ की गवाह बनीं। शहर की जानी-मानी ‘सन्नी बस’ का स्टेयरिंग एक ऐसे खलासी के हाथ में था, जो नशे में इतना चूर था कि उसे सामने खड़ी मौत और जिंदगी का फर्क भी नहीं पता था। बस स्टैंड पर गाड़ी लगाने के बहाने निकले इस शख्स ने सना रोड से लेकर नदी मार्ग तक दहशत फैला दी।

रूट ऑफ टेरर: मंदिर, अस्पताल और फिर कानून का गढ़! – शाम होते ही शहर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खलासी नशे की हालत में बस (सन्नी बस) लेकर निकला और सबसे पहले सना रोड स्थित एक मंदिर के पास वाले घर के दरवाजे को तोड़ दिया।

हैरानी की बात यह रही कि घर में टक्कर मारने के बाद भी बस नहीं रुकी। इसके बाद शुरू हुआ ‘मौत का सफर’। बेकाबू बस ने शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों को अपना रूट बनाया:

  • महाराज चौक से होते हुए देवी मंदिर
  • ​मरीजों से भरे जिला अस्पताल के सामने…
  • और फिर कानून के रखवालों के गढ़ – थाना परिसर और कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने से यह बस मौत बनकर गुजरी।

​राहगीर अपनी जान बचाने के लिए नाले और दुकानों में कूदते नजर आए। पूरा शहर बस के पहियों के नीचे आने से बाल-बाल बचा।

खूनी अंजाम: बघिमा के युवक को कुचला : गिरांग मोड़ से शहर में वापस लौटते वक्त नदी मार्ग पर खलासी का नशा किसी की जिंदगी पर भारी पड़ गया। ग्राम बघिमा के रहने वाले एक युवक को बस ने जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद भी इंसानियत को शर्मसार करते हुए खलासी बस दौड़ाता रहा।

द एंड : गड्ढे ने रोका रास्ता, पुलिस ने दबोचा – शायद ऊपर वाले को और तबाही मंजूर नहीं थी। कुछ दूर आगे जाकर बस सड़क किनारे एक बड़े गड्ढे में फंस गई और वहीं थम गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी देशमुख, रामप्रताप यादव और रवि राम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ के आक्रोशित होने से पहले ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी खलासी को हिरासत में ले लिया।

जांच में खुलासा : बिना लाइसेंस स्टीयरिंग पर था ‘यमराज’ : पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस खलासी ने पूरे शहर को बंधक बना रखा था, उसके पास बस चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था। पुलिस ने ‘सन्नी बस’ को जब्त कर लिया है। घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!