मनेन्द्रगढ़ - चिरमिरी - भरतपुर

सरेराह ‘रणचंडी’ बनी पत्नी : पति से बात करने पर 9वीं की छात्रा को बीच बाजार पीटा, चेहरे को नाखूनों से गोदा…

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB): छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले एमसीबी के जनकपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक शादीशुदा महिला और स्कूली छात्रा के बीच जमकर ‘गंगवार’ हुई। पति के साथ अवैध संबंधों के शक में एक महिला ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और सरेआम 9वीं कक्षा की छात्रा पर हमला कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बीच सड़क पर ‘खूनी’ संघर्ष : ​मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार (6 जनवरी) की है। जनकपुर के व्यस्त बाजार इलाके में महिला और छात्रा के बीच पहले तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने छात्रा पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों के बीच गुत्थमगुत्था शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला छात्रा के बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटती रही। गुस्से में अंधी महिला ने छात्रा के चेहरे को अपने नाखूनों से बुरी तरह खरोंच दिया, जिससे छात्रा लहूलुहान हो गई।

कॉल रिकॉर्ड्स ने भड़काई शक की चिंगारी : मारपीट करने वाली महिला का पति बिजली विभाग में दैनिक वेतन भोगी (Daily Wager) के रूप में कार्यरत है। महिला का दावा है कि उसके पति और नाबालिग छात्रा के बीच लंबे समय से मोबाइल पर बातचीत हो रही है। महिला ने पुलिस को बताया :

“मैंने अपने पति के मोबाइल में छात्रा से बातचीत के कई कॉल रिकॉर्ड्स देखे थे। मैंने पहले भी छात्रा को कॉल पर बात न करने की चेतावनी दी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही थी। मंगलवार को जब मैं उसे समझाने पहुंची, तो उसने मुझसे बदतमीजी की, जिसके बाद मेरा गुस्सा बेकाबू हो गया।”

मूकदर्शक बनी रही भीड़, पुलिस के पहुँचते ही छात्रा फरार : ​बाजार के बीचों-बीच करीब 15-20 मिनट तक यह ड्रामा चलता रहा। राहगीर बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने साहस दिखाकर दोनों को अलग किया। सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले आई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही डरी-सहमी छात्रा मौके से भाग निकली।

कानूनी पेंच : शिकायत से महिला का इनकार – ​जनकपुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि:

  • ​महिला को थाने लाकर पूछताछ की गई है।
  • ​आरोपी महिला ने फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया है, उसका कहना है कि यह उसके घर का निजी मामला था।
  • ​पुलिस अब पीड़ित छात्रा की तलाश कर रही है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है।

उठ रहे हैं गंभीर सवाल : इस घटना ने समाज और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नाबालिग छात्रा के साथ सरेराह हुई इस बर्बरता ने महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग इस बात पर भी चर्चा कर रहे हैं कि क्या केवल शक के आधार पर कानून को हाथ में लेना सही है?

Admin : RM24

Investigative Journalist & RTI Activist

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!