अवैध कबाड़ तस्करी पर कोतरारोड पुलिस की करारी चोट

• 4380 किलो टीना स्क्रैप और टाटा माजदा जब्त, ₹16 लाख से अधिक की संपत्ति जप्त…
रायगढ़, 13 नवंबर 2025। अवैध कबाड़ तस्करों पर शिकंजा कसते हुए कोतरारोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ओडिशा से रायगढ़ की ओर भेजे जा रहे 4380 किलो टीना स्क्रैप से भरी एक कत्थई रंग की टाटा माजदा (क्रमांक CG 04 NQ 9652) को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। वाहन और माल की कुल कीमत ₹16,05,120 आंकी गई है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने कोसमनारा तिराहा ओवरब्रिज के पास टीम तैनात की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम वशिष्ठ नायक (उम्र 39 वर्ष), निवासी हल्दीपाली, थाना आमापाली, जिला बरगढ़ (ओडिशा) बताया।
कागजात माँगे – कुछ भी नहीं मिला; स्क्रैप पूरी तरह अवैध : वाहन की तलाशी में भारी मात्रा में टीना स्क्रैप मिला। जब चालक से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने माल को संदेहास्पद चोरी की संपत्ति मानते हुए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मौके से-
- 4380 किलोग्राम टीना स्क्रैप (मूल्य ₹1,05,120)
- कत्थई रंग की टाटा माजदा वाहन (मूल्य ₹15,00,000)
जप्त किए। कुल संपत्ति का मूल्य ₹16,05,120 रुपये है।
तस्करी पर कानून का शिकंजा : मामले में पुलिस ने इस्तगासा क्रमांक 07/2025 दर्ज कर धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
इस सफल ऑपरेशन में निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक राजकुमार पैकरा, आरक्षक संदीप कौशिक, संजय एक्का, और दिलीप सिदार की अहम भूमिका रही।




