नशा अपराध की जड़, समाज की सहभागिता से ही मिटेगी यह बुराई : एसएसपी शशि मोहन सिंह…

• कोडकेल में ‘युवा संकल्प’ नशामुक्ति अभियान का भव्य आगाज़; हिंडाल्को और ‘आगाज़’ संस्था की सराहनीय पहल…
रायगढ़। नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में रायगढ़ पुलिस और औद्योगिक संस्थानों के समन्वय से एक बड़ी पहल शुरू हुई है। तमनार क्षेत्र के ग्राम कोडकेल में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं ‘आगाज़ – एक नई पहल’ संस्था के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा संकल्प’ नशामुक्ति अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह शामिल हुए, जिन्होंने ग्रामीणों और युवाओं को नशे के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान किया।
गीत और नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश : कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएसपी श्री सिंह ने क्लैप बोर्ड के माध्यम से “नशा नाश की जड़ है भैया” गीत का लोकार्पण किया। मिडिल स्कूल के बच्चों ने इसी गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी। वहीं, कोटरापाली की लोककला संस्था ‘अंगना के देवना’ के कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के कारण बर्बाद होते परिवारों की व्यथा साझा की, जिसे देख ग्रामीण भाव-विभोर हो गए।
अपराध मुक्त समाज के लिए नशा मुक्ति अनिवार्य: एसएसपी : जन-जागरूकता संवाद को संबोधित करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा :
“अपराध की जड़ में नशा एक बड़ा कारण है। रायगढ़ पुलिस जिलेभर में अवैध शराब और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महाअभियान चला रही है। नशा केवल मादक पदार्थ नहीं, बल्कि वह हर प्रवृत्ति है जो अपराध को बढ़ावा देती है। युवाओं को इसे अपने जीवन पर हावी नहीं होने देना चाहिए।”
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करेगी।
एक माह में ‘नशामुक्त पंचायत’ बनने का संकल्प : कार्यक्रम के दौरान कोडकेल के ग्रामीणों ने एक ऐतिहासिक निर्णय लिया। सामूहिक रूप से संकल्प लिया गया कि एक माह के भीतर कोडकेल को पूर्ण रूप से नशामुक्त पंचायत बनाया जाएगा। डीएसपी सुशांत बनर्जी ने विभिन्न प्रकार के नशों के दुष्प्रभावों पर चर्चा की, वहीं तमनार थाना प्रभारी ने “जागृति नशामुक्ति समिति” की महिलाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए अनुकरणीय बताया।
जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी : कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी ने “युवा संकल्प नशामुक्ति जागरूकता रथ” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेगा।
प्रमुख उपस्थिति
- पुलिस विभाग : एसएसपी शशि मोहन सिंह, डीएसपी सुशांत बनर्जी, थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर।
- आयोजक टीम : हिंडाल्को से प्रेम कुमार सिंह (HR) व रंजना नाग (CSR Head), आगाज़ संस्था से मोनिका इजारदार, प्रकाश जायसवाल व अन्य।
- जनप्रतिनिधि : 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं भारी संख्या में ग्रामीण व महिला समूह।




