जशपुर

हत्या और लूट के मामलों में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी…

जशपुर, 06 नवम्बर 2025। हैप्पी भाटिया : जशपुर पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इनमें दो आरोपी हत्या के मामले से जुड़े हैं, जो घटना के बाद से फरार थे, जबकि एक आरोपी लूटकांड में शामिल था।

अधजली लाश के दो फरार आरोपी गिरफ्तार : थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत पूरना नगर के तुरीटोंगरी में कुछ दिन पूर्व एक अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की थी। पुलिस पहले ही एक विधि से संघर्षरत बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। वहीं, घटना के दो मुख्य आरोपी –

  1. शीतल मिंज (39 वर्ष), निवासी ग्राम सीटोंगा, और
  2. जीतू राम (32 वर्ष), निवासी बेंदरभद्रा, थाना कुनकुरी,
    घटना के बाद से फरार थे।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी टीम की मदद से दोनों फरार आरोपियों को कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(क), 61(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

लूटकांड का आरोपी भी गिरफ्तार : इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेतरटोली में एक पिकअप वाहन चालक से लूट का प्रयास करने वाले एक आरोपी को भी पुलिस ने धर दबोचा है।

लूट का आरोपी आवेश भगत

मामले की रिपोर्ट विनय यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा पाठ, थाना सन्ना ने दर्ज कराई थी। 2 नवम्बर को वे सब्जी बेचकर लौट रहे थे, तभी तीन युवकों ने रास्ते में रोककर मारपीट करते हुए रुपये की मांग की। आरोपियों ने पीड़ित को जबरन टांगरटोली तालाब के पास ले जाकर ₹5000 की मांग की और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया।

पुलिस ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी निगरानी के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की और उनमें से एक आवेश भगत (22 वर्ष), निवासी ग्राम तेतरटोली, जशपुर  को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीड़ित का लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 127(1), 309(4), 298, 351(2), व 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका : इन दोनों मामलों के खुलासे और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी, उप निरीक्षक खेमराज ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक एसन पाल, आरक्षक हेमंत कुजूर और शोभनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि –

“जशपुर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लूट के प्रकरण में एक आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है। शेष दो फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है, उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!