अवैध संबंध और थप्पड़ का खौफनाक अंत : कोरबा में दो मासूमों की मां ने लगाई फांसी, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप… जाने पूरा मामला…

कोरबा। जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र के सेंदरीदफाई इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद और पति के पुराने प्रेम संबंधों के तनाव ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। 26 वर्षीय रानी रत्नाकर ने पति द्वारा थप्पड़ मारे जाने से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पीछे ढाई साल की मासूम बेटी और महज चार महीने के दुधमुंहे बच्चे को अनाथ छोड़ दिया है।
विवाद की जड़ : ‘वो’ और मोबाइल का राज – पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, मृतका रानी के पति दयाल रत्नाकर का शादी से पहले किसी अन्य महिला से प्रेम प्रसंग था। हैरानी की बात यह है कि शादी के 4 साल बाद और दो बच्चों के होने के बावजूद दयाल का अपनी प्रेमिका से संबंध बना रहा। घर में मौजूद इकलौते मोबाइल ने इस राज को रानी के सामने खोल दिया था, जिसे लेकर घर में अक्सर गृहयुद्ध की स्थिति बनी रहती थी।
उस काली रात की खौफनाक दास्तां – 7 जनवरी (बुधवार) को मोबाइल फिर से विवाद का केंद्र बना। दयाल ने जब रानी से मोबाइल मांगा, तो रानी ने मना कर दिया। इसी बात पर तैश में आकर दयाल ने अपनी पत्नी को दो थप्पड़ जड़ दिए। स्वाभिमान पर लगी यह चोट रानी बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने खुद को कमरे में कैद कर लिया। जब दयाल वापस लौटा, तो रानी का शव लोहे के एंगल से फंदे पर झूलता मिला।
मायके पक्ष का गंभीर आरोप : ‘यह आत्महत्या नहीं, हत्या है’ – रानी के भाई शिव कुमार और अन्य परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि:
- दयाल की प्रेमिका उस पर रानी को तलाक देने का दबाव बना रही थी।
- शादी के बाद से ही रानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
- परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए ‘हत्या’ करार दिया है और आरोपी पति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
”मेरी बहन ने एक दिन पहले ही वीडियो कॉल पर बात की थी, वह ठीक थी। जीजा के अवैध संबंधों ने मेरी बहन की जान ले ली।”
शिव कुमार, मृतका का भाई
प्रशासनिक कार्रवाई – मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी ने मृतका के मायके पक्ष और पति दयाल रत्नाकर के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।



