बिलासपुर : शिकायत का समाधान करने पहुंचीं महिला अधिकारी, फोन पर झेलनी पड़ी गाली-गलौज; रिकॉर्डिंग लेकर थाने पहुंचीं अतिरिक्त तहसीलदार…

बिलासपुर। आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करना एक बात है, लेकिन शिकायत के निराकरण में जुटे सरकारी अधिकारी से अभद्रता करना अब एक आपराधिक मामले का रूप ले चुका है। बिलासपुर में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका बनवाने की शिकायत पर कार्रवाई कर रही महिला अतिरिक्त तहसीलदार को फोन पर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता ने अधिकारी को न केवल अपशब्द कहे, बल्कि मना करने के बावजूद दोबारा फोन लगाकर अभद्रता की। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के निराकरण के लिए किया फोन, जवाब में मिली गालियां – सीपत तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह सीएम हेल्पलाइन में ऑनलाइन ऋण पुस्तिका बनवाने के संबंध में साहेब लाल रात्रे की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया के तहत उन्होंने संबंधित शिकायतकर्ता को फोन लगाया और आवेदन से जुड़ी जानकारी लेने के साथ समस्या के समाधान को लेकर बातचीत शुरू की।
आरोप है कि बातचीत के दौरान साहेब लाल रात्रे अपना आपा खो बैठा और महिला अधिकारी के साथ गाली-गलौज करने लगा। अधिकारी ने उसे मर्यादा में रहकर बात करने की हिदायत दी, लेकिन इसके बावजूद उसकी अभद्रता नहीं रुकी। स्थिति बिगड़ती देख प्रकृति ध्रुव ने फोन काट दिया।
समझाइश का भी नहीं हुआ असर, दोबारा फोन कर बरसाए अपशब्द – मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि पहली बार फोन काटे जाने के बाद भी आरोपी कथित तौर पर शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद उसने दोबारा महिला अधिकारी को फोन लगाया और फिर गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय कार्यालय में मौजूद नायब तहसीलदार पूनम कनौजे भी पास बैठी थीं। उन्होंने भी फोन पर हुई बातचीत सुनी।
पेनड्राइव में रिकॉर्डिंग लेकर थाने पहुंचीं अधिकारी – घटना के बाद अतिरिक्त तहसीलदार प्रकृति ध्रुव ने पूरे मामले की जानकारी तहसीलदार प्रकाश साहू को दी। इसके बाद वह सीपत थाने पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कथित अभद्रता से जुड़ी फोन कॉल की रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में पुलिस को सौंप दी है।
शिकायत और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर सीपत पुलिस ने साहेब लाल रात्रे के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
सरकारी काम में लगे अधिकारी से अभद्रता का मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है। फोन कॉल की रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शी के बयान जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकते हैं।




