बर्थडे पार्टी मातम में तब्दील : राजनांदगांव में पुलिया से टकराई बेकाबू कार, ठेकेदार समेत 3 दोस्तों की मौत; 2 गंभीर…

- दिन में परिवार के साथ काटा था केक, रात में ढाबे की तलाश बनी काल; नेशनल हाईवे पर हादसे में उड़े कार के परखच्चे…
राजनांदगांव। जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जन्मदिन का जश्न मनाने निकले पांच दोस्तों की तेज रफ्तार कार नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर सीधे पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजबूत कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। हादसे में सरकारी ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
मृतकों में भिलाई निवासी इलेक्ट्रिकल व सिविल कॉन्ट्रैक्टर अभिषेक सिंह ठाकुर (30) भी शामिल हैं, जिनका शनिवार को ही जन्मदिन था।
मृतकों और घायलों की शिनाख्त
- अभिषेक सिंह ठाकुर (30) – ठेकेदार (मौके पर मौत)
- तोषण तिवारी (29) – (मौके पर मौत)
- प्रशांत दास (27) – (इलाज के दौरान मौत)
- घायल: सूरज पांडे और चिंटू (अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती)
दिन में बेटियों संग काटा केक, रात को ढाबे की तलाश बनी काल : परिजनों के अनुसार, अभिषेक ने शनिवार के दिन अपने परिवार और दो मासूम बेटियों के साथ जन्मदिन मनाया था। रात करीब 12 बजे दोस्तों के कहने पर वह पार्टी के लिए भिलाई से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने निकला। पांचों दोस्त एक ही कार में सवार थे, जिसे अभिषेक चला रहा था।
पहले ढाबे में खाना नहीं मिला तो वे गाड़ी आगे ले गए। इसके बाद जब वे गाड़ी मोड़कर वापस लौट रहे थे, तभी रात करीब 1:30 बजे सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास सोमनी नाले के सामने यह हादसा हो गया।
संकरा मार्ग और बेलगाम रफ्तार ने छीनी सांसें – सोमनी नाले के पास सड़क संकरी हो जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, रात के सन्नाटे में कार की रफ्तार अत्यधिक तेज थी। संकरे मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण गाड़ी से छूट गया और बेकाबू कार सीधे पुलिया की कंक्रीट वॉल से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही अभिषेक और तोषण की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया, जहां रविवार को तीसरे दोस्त प्रशांत दास ने भी दम तोड़ दिया। घायल सूरज और चिंटू का इलाज जारी है।
“प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह अत्यधिक रफ्तार और संकरा मार्ग सामने आया है। कार पुलिया से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।”
सत्य प्रकाश तिवारी, सीएसपी, राजनांदगांव
जिस घर में कुछ घंटे पहले जन्मदिन की बधाइयों की गूंज थी, वहां अब मातम पसरा है। अभिषेक अपने पीछे दो नन्ही बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की वैधानिक जांच जारी है।




