धनतेरस-दीपावली पर रायगढ़ पुलिस का सुरक्षा कवच! बाजारों में हथियारबंद जवानों का पहरा, सादी वर्दी में भी घूम रहे पुलिसकर्मी; सराफा और मोबाइल दुकानों पर खास नजर…

रायगढ़। धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच अपराधियों की चालाकी पर रायगढ़ पुलिस ने सख्त पहरा बैठा दिया है। त्योहार की रौनक के बीच कहीं चोर, उठाईगीर और जेबकतरे लोगों की खुशियों में खलल न डाल दें, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा का ऐसा घेरा तैयार किया है कि बाजार के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ के प्रमुख बाजारों में सशस्त्र जवानों की नियमित पेट्रोलिंग कराई जा रही है। खास बात यह है कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ सादी वर्दी में भी जवान तैनात हैं, जो भीड़ के बीच संदिग्ध चेहरों और गतिविधियों पर पैनी नजर रख रहे हैं।

सराफा और मोबाइल दुकानों पर विशेष निगरानी, एक सप्ताह से लगातार एक्शन – सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में डीएसपी अजय नागवंशी और टीआई अमित तिवारी की टीम जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन शाम को रक्षित केंद्र के सशस्त्र जवानों और विभिन्न थानों की पुलिस टीम द्वारा पैदल गश्त एवं सशस्त्र पेट्रोलिंग की जा रही है।
पुलिस की विशेष निगरानी सराफा दुकानों, मोबाइल शोरूम और कीमती सामानों के प्रतिष्ठानों पर है। त्योहारों की भीड़ में चोरी, जेबकटमारी, उठाईगिरी और झपटमारी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर है।
भीड़ का फायदा उठाने वालों की खैर नहीं! – त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ अपराधियों के लिए वारदात का मौका बन सकती है। इसी आशंका को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने विजुअल पुलिसिंग और सशस्त्र गश्त को प्राथमिकता दी है। तहसील स्तर के थानों में भी थाना प्रभारी अपने जवानों के साथ बाजारों की सुरक्षा में जुटे हुए हैं।
पुलिस का मकसद साफ है – त्योहार की खरीदारी के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल देना तथा अपराधियों को यह संदेश देना कि बाजारों में पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
एसएसपी की नागरिकों से अपील : खुद भी रहें सतर्क – एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि बाजारों में खरीदारी के दौरान अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण और अन्य कीमती सामानों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क:
- 🚨 डायल 112
- पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़: 9479193299
- थाना प्रभारी कोतवाली: 9479193209
- थाना प्रभारी चक्रधरनगर: 9479193210
रायगढ़ पुलिस का संदेश साफ है – त्योहार मनाइए बेफिक्र होकर, लेकिन सतर्कता के साथ; क्योंकि आपकी सुरक्षा के लिए पुलिस बाजारों में मुस्तैद है।




