गरबा प्रचार के नाम पर ‘सिगरेट का कश’ और हथियार! शिफा मैथ्यू के वीडियो पर भड़का आक्रोश, हिंदू संगठनों ने खोला मोर्चा…

- धार्मिक आस्था और संस्कृति के अपमान का आरोप; ऐतिहासिक रतनपुर किले के प्रतिबंधित क्षेत्र में शूटिंग पर भी उठे गंभीर सवाल, एएसपी को सौंपा ज्ञापन…
बिलासपुर। आगामी नवरात्र और गरबा आयोजनों से ठीक पहले न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। ‘शिफा मैथ्यू’ नामक महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर हिंदू संगठनों ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। आरोप है कि धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की आड़ में फूहड़ता परोसी जा रही है और पब्लिसिटी की आड़ में सनातनी आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।
रील्स में क्या? सिगरेट, हथियार और प्रतिबंधित किले में एंट्री – शिकायतकर्ताओं के अनुसार, गुरुवार सुबह सोशल मीडिया स्क्रॉलिंग के दौरान यह विवादित कंटेंट सामने आया। जब संबंधित अकाउंट की पड़ताल की गई, तो ऐसे कई वीडियो मिले जो मर्यादा और कानून दोनों को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं:
- गरबा प्रचार के नाम पर धुआं : गरबा और सांस्कृतिक आयोजनों के पास प्रमोट करने के नाम पर युवतियों को सरेआम सिगरेट का कश लगाते और दोपहिया वाहनों पर अमर्यादित दृश्य फिल्माते दिखाया गया है।
- हथियारों का खुला प्रदर्शन : एक अन्य वीडियो में खुलेआम हथियारों के साथ दृश्य फिल्माने का आरोप है, जो सीधे तौर पर कानून-व्यवस्था और आर्म्स नियमों का उल्लंघन है।
- प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध शूटिंग : ऐतिहासिक रतनपुर किले के ऐसे संवेदनशील हिस्से में वीडियो शूट किए गए हैं, जहां पुरातत्व विभाग और प्रशासन द्वारा आम जनता का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।
“पब्लिसिटी के नाम पर आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं” – हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान को अपने व्यवसाय का प्रचार करने की आजादी है, लेकिन धार्मिक प्रतीकों और आस्था की बलि चढ़ाकर ‘चीप पब्लिसिटी’ कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में शहरभर में गरबा महोत्सव आयोजित होने हैं, ऐसे में इस तरह के भड़काऊ और अमर्यादित कंटेंट से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विवाद गहराने की पूरी आशंका है।
एएसपी को सौंपा ज्ञापन, साइबर सेल जांच की मांग – मामले की नजाकत को देखते हुए हिंदू संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम एडिशनल एसपी (सिटी) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट मांग की गई है कि:
- शिफा मैथ्यू के सोशल मीडिया अकाउंट और सभी विवादित पोस्ट की तकनीकी व साइबर जांच तत्काल कराई जाए।
- वीडियो में हथियार लहराने वालों, आपत्तिजनक हरकतें करने वाली महिलाओं और मुख्य संचालक की भूमिका तय की जाए।
- धार्मिक भावनाएं आहत करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध घुसपैठ को लेकर गैर-जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज हो।
पुलिस अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, तारीख और कंटेंट की फोरेंसिक व कानूनी समीक्षा की जा रही है; नियमों का उल्लंघन साबित होते ही आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




