इवनिंग वॉक पर निकले कॉलेज प्रोफेसर का चाकू की नोक पर अपहरण : आंखों पर पट्टी बांधकर बंधक बनाया, UPI लिमिट खत्म होने तक लूटे ₹1 लाख; 24 घंटे में 1 आरोपी दबोचा…

रायगढ़। डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर को टहलते वक्त किडनैप कर डिजिटल लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांधकर गले और सीने पर चाकू अड़ा दिया, बंधक बनाकर पीटा और फोन पे/भीम ऐप के जरिए तब तक पैसे ट्रांसफर कराते रहे जब तक कि बैंक खाते की दैनिक लिमिट खत्म नहीं हो गई। रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोफेसर को सकुशल मुक्त करा लिया है और घटना के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
सड़क किनारे आराम कर रहे थे प्रोफेसर, अचानक चाकू अड़ाकर ले भागे – पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला निवासी कपुरचंद गुप्ता (49 वर्ष) डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं। 5 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे वे गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वे सड़क किनारे एक माइलस्टोन पर बैठ गए।
तभी घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया और घसीटते हुए पास की डबरी (तालाब किनारे) ले गए। वहां उनकी आंखों पर कपड़ा बांध दिया गया और गले, पेट व सीने पर धारदार चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक पर बैठाकर उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया।
डिजिटल डकैती : महिला का QR कोड मंगवाया, लिमिट खत्म होने तक की वसूली – अपहरणकर्ताओं ने एक सुनसान कमरे में प्रोफेसर के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनके मोबाइल, Google Pay और BHIM ऐप के पासवर्ड छीन लिए।
- शातिर तरीका : आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया।
- पूरी लिमिट खत्म : प्रोफेसर के खाते से तब तक लगातार ट्रांजैक्शन किए गए, जब तक कि खाते की दैनिक सीमा (करीब ₹1 लाख) समाप्त नहीं हो गई।
- गुमराह करने का पैंतरा : परिजनों को भनक न लगे, इसलिए आरोपियों ने प्रोफेसर की कनपटी पर चाकू रखकर उनसे घर फोन कराया और जबरन कहलवाया कि ‘सब ठीक है, चिंता मत करना’।
परिजनों की सूझबूझ और आधी रात का पुलिस ऑपरेशन – फोन आने के बावजूद परिजनों को प्रोफेसर की आवाज और हाव-भाव पर गंभीर संदेह हुआ। परिजनों ने तकनीकी मदद से उनकी संभावित लोकेशन ट्रैक की और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के आने की आहट सुनते ही आरोपी प्रोफेसर को बंधक अवस्था में छोड़कर मौके से भाग निकले।
सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और बंधक प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया।
24 घंटे में पुलिस का एक्शन : 1 किडनैपर अरेस्ट, पूरी रकम कराई सुरक्षित – एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने रातभर छापेमारी कर 24 घंटे के अंदर मुख्य साजिशकर्ता सुनील सारथी (निवासी जकेला) को गिरफ्तार कर लिया।
- 4 आरोपियों की साजिश : पूछताछ में खुलासा हुआ कि कुल चार आरोपियों ने मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और ऑनलाइन पैसे ऐंठने का पूरा प्लान तैयार किया था।
- रकम रिकवर : पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जिस महिला के खाते में रकम भेजी गई थी, उससे संपर्क कर लूटी गई ₹1 लाख की पूरी राशि को बैंक में सुरक्षित (फ्रीज) करा लिया है।
- सख्त धाराएं : पुसौर थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 140(3), 309(6), 142 और 351(3) के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फरार 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
“अपहरण जैसे जघन्य अपराध में पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ित की सुरक्षित रिहाई थी, जिसे पुसौर पुलिस ने तत्परता से पूरा किया। लूटी गई रकम सुरक्षित करा ली गई है। फरार तीनों आरोपियों को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।”
शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़




