बीड़ी के विवाद में मारपीट और 10 हजार की लूट : राजहरा पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा, भेजा जेल
नगदी में से 950 रुपये बरामद; 21 नवंबर को विधिवत गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपित न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद दाखिल

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। बीड़ी मांगने को लेकर हुए मामूली झगड़े के बाद युवक के साथ मारपीट कर दस हजार रुपये की नकदी लूटने के मामले में जिले की राजहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से बचे हुए 950 रुपये भी बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए हैं। आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित दिनेश कौशिक (22 वर्ष), पिता उत्तम कौशिक, निवासी वार्ड क्रमांक 21, दल्ली राजहरा, जिला बालोद ने 17 नवंबर 2026 को राजहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 17 नवंबर की रात लगभग 9:30 बजे वह अपने मित्र सुल्तान के साथ टेबलर सेड स्थित राजहरा नाला के समीप से गुजर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद आकाश मंडावी उर्फ गोदू ने उससे बीड़ी मांगी। पीड़ित द्वारा बीड़ी न होने की बात कहने पर गोदू भड़क गया और विवाद करने लगा। देखते ही देखते उसने अपने साथियों गंगाराम निषाद उर्फ राम, युसुफ पठान और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी को भी घटनास्थल पर बुला लिया। आरोप है कि चारों ने एकजुट होकर पीड़ित को गंदी-गंदी गालियां दीं, हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटा और उसके पास मौजूद 10,000 रुपये नगद छीनकर मौके से भाग निकले। पीड़ित की रिपोर्ट पर राजहरा पुलिस ने अपराध क्रमांक पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 309(4) के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
पुलिस दल ने सक्रियता दिखाते हुए संदेहियों को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। आरोपियों के अनुसार, पीड़ित से लूटे गए 10,000 रुपये में से अधिकांश राशि उन्होंने खाने-पीने में खर्च कर दी थी, जबकि 950 रुपये शेष बचे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बची हुई 950 रुपये की नकदी बरामद कर जब्त कर ली।

इस प्रकरण में पुलिस ने युसुफ पठान (30 वर्ष), पिता स्व. फूल मोहम्मद; गंगाराम निषाद उर्फ राम (22 वर्ष), पिता रोहित निषाद; आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25 वर्ष), पिता विजय; तथा अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22 वर्ष), पिता विजय मंडावी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 04, टेबलर सेड, दल्ली राजहरा, जिला बालोद (छत्तीसगढ़) के निवासी बताए गए हैं।
मामले में पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को 21 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बालोद भेज दिया गया। बालोद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखने और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी त्वरित व प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।




