रायगढ़ पुलिस के ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुसौर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, BNS की धारा 69 में मामला दर्ज…

- इंस्टाग्राम पर बुना प्यार का जाल, शादी का झांसा देकर युवती से बार-बार दुष्कर्म; 45 हजार भी ऐंठे, आरोपी सलाखों के पीछे…
रायगढ़। सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर भोली-भाली युवतियों को हवस का शिकार बनाने वाले शातिर युवक के मंसूबों पर रायगढ़ पुलिस ने पानी फेर दिया है। इंस्टाग्राम पर प्रेम का झूठा जाल बिछाकर युवती से महीनों तक देह शोषण करने, रकम ऐंठने और फिर मुकरने वाले आरोपी अनिल कुमार साव को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत पुलिस ने यह कड़ी कार्रवाई की है।
होटल ले जाकर किया अनाचार, शादी के नाम पर हड़पे 45 हजार – पुसौर थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम बुनगा निवासी 24 वर्षीय आरोपी अनिल कुमार साव (पिता समय लाल साव) ने 19 वर्षीय पीड़िता को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। सोशल मीडिया पर जान-पहचान बढ़ने के बाद आरोपी ने प्यार का इजहार किया और शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसा लिया।
15 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास बुलाया और फिर एक होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद शादी का भरोसा देकर आरोपी मई 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर उसका दैहिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं, शादी की तैयारियों का बहाना बनाकर उसने पीड़िता से ₹45,000 भी ठग लिए।
शादी का दबाव बनाने पर पीटा, पैसे मांगने पर दी गालियां – जब पीड़िता ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया, तब उसका असली चेहरा सामने आ गया। आरोपी न केवल शादी से मुकर गया, बल्कि विवाद कर युवती को भगा दिया। युवती द्वारा अपनी दी हुई रकम वापस मांगने पर उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपनी सहेली और परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद 7 सितंबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने BNS धारा 69 में कसा शिकंजा – थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 229/2026, धारा 69 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत केस दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी से पीड़िता का बयान दर्ज कराने के बाद उसका डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया। इसके बाद उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर की टीम ने दबिश देकर आरोपी अनिल कुमार साव को धर दबोचा। अदालत में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




