रायगढ़

रायगढ़ में खाकी का खौफ : जेल से छूटने के तीसरे दिन ही राहगीर को लूटा, पुलिस ने 24 घंटे में ही दोबारा पहुंचाया सलाखों के पीछे!…

मुख्य बिंदु :

  • रात के अंधेरे में ₹15,200 की लूट, कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश।
  • वारदात के बाद रातों-रात झारसुगुड़ा (ओडिशा) भाग गए थे लुटेरे, मौज-मस्ती में उड़ाए पैसे।
  • एसएसपी शशि मोहन सिंह की अपराधियों को दो टूक: “कानून तोड़ने वालों पर होगी और सख्त कार्रवाई।”

रायगढ़, 01 जुलाई। अपराध की दुनिया से बाहर आकर सुधरने के बजाय अगर कोई तीन दिन में ही फिर से खौफनाक वारदात को अंजाम दे, तो इसे अपराधियों का दुस्साहस ही कहा जाएगा। लेकिन रायगढ़ पुलिस के ताबड़तोड़ एक्शन ने इन शातिर लुटेरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। ढिमरापुर रोड पर देर रात एक युवक से हुई ₹15,200 की लूट के मामले में कोतवाली पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर दोबारा जेल की हवा खिला दी है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम – ​घटना 29-30 जून की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। जगन्नाथ हरिशचंद्र ज्वेलर्स का सेल्समैन त्रिनाथ सामल (31) रायपुर से काम निपटाकर रायगढ़ लौटा था। मालिक को सामान देकर वह अपने कमरे की ओर जा रहा था, तभी ढिमरापुर रोड पर आदित्य मोटर्स के पास घात लगाए बैठे दो युवकों ने उसे रोक लिया। गुंडागर्दी दिखाते हुए दोनों ने त्रिनाथ को पीटा, जमीन पर पटका और उसकी जेब में रखे ₹15,200 लूटकर चैतन्य नगर की ओर फरार हो गए।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला राज – मामला दर्ज होते ही एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आरोपियों को जल्द से जल्द धर दबोचने का अल्टीमेटम दिया। कोतवाली पुलिस ने तत्काल घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में काले और मटमैले रंग की शर्ट पहने दो संदिग्ध कैमरे की नजर में आ गए। इसके बाद पुलिस के ‘ह्यूमन इंटेलिजेंस’ (मुखबिर तंत्र) ने अपना काम किया और दोनों की पहचान रामभाठा निवासी नीरज टोप्पो और शैलेष मिंज के रूप में हो गई। बिना देरी किए पुलिस टीम ने रामभाठा मुक्तिधाम के पास दबिश देकर दोनों को दबोच लिया।

मौज-मस्ती में उड़ा दिए पैसे, एक तो 3 दिन पहले ही छूटा था – पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह चौंकाने वाला था। पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनमें से एक महज तीन दिन पहले ही जेल से छूटा था, लेकिन बाहर आते ही फिर लूटकांड कर बैठा। लूट के पैसों से दोनों रातों-रात झारसुगुड़ा (ओडिशा) घूमने निकल गए और वहां ऐशो-आराम में अधिकांश रकम उड़ा दी। पुलिस ने इनके पास से सिर्फ ₹700 बरामद किए हैं। मजिस्ट्रेट के सामने हुई पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों को पहचान लिया है।

गिरफ्तार लुटेरों की क्रिमिनल कुंडली :

  • नीरज टोप्पो (19 वर्ष): निवासी रामभाठा, जवाहर नगर। (इसके खिलाफ पहले से 2 चोरी और 1 लूट का मामला दर्ज है।)
  • शैलेष मिंज (22 वर्ष): निवासी रामभाठा, जवाहर नगर। (इसके खिलाफ चोरी और मारपीट के मामले दर्ज हैं।)

दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

“अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा” एसएसपी  : इस त्वरित कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है— “रायगढ़ पुलिस लूट, चोरी और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध पूरी दृढ़ता से कार्रवाई कर रही है। कानून तोड़ने वालों पर और अधिक सख्ती बरती जाएगी। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”

​इस पूरे ऑपरेशन में एसएसपी के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी व सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल और उनकी टीम (उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, पीएसआई प्रिया साहू, एएसआई कोसो सिंह, आरक्षक उत्तम सारथी और कोमल तिवारी) का एक्शन बेहद शानदार रहा।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!