छत्तीसगढ़बालोद

रानीमाई हर्राठेमा घाट में चाकू के बल पर लूट का पर्दाफाश — तीन आरोपी पकड़े गए

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले की रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में गले में चाकू लगाकर और मारपीट कर युवक से लूट करने वाले तीन आरोपियों को बालोद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जिले में अपराध नियंत्रण के प्रभावी निर्देशों के लिए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल की संभागीय स्तर पर प्रशंसा की जा रही है।

प्रार्थी धर्मेन्द्र कुमार उइके ने 19 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह 18 जून को अपने मोटरसाइकिल (सीजी 05 व्ही 8995) से बीज खरीदने बालोद आए थे। पास रखा पर्स में 3,000 रुपये तथा पैंट की दूसरी जेब में 1,000 रुपये रखकर वह वापस अपने गांव गोड़पाल के लिए प्रस्थान करना चाहते थे। रास्ते में करीब 01:35 बजे रानीमाई के हर्राठेमा जंगल घाटी के पास तीन युवक अपने स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल पर खड़े मिले और रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। तभी तीनों में से एक युवक ने अचानक धर्मेन्द्र के गले पर चाकू लगा दिया, दूसरे ने उसके पसली पर मुक्का मारा और तीसरे ने पैंट की जेब से पर्स में रखे 3,000 रुपये डराकर छीन लिए। आरोपी घटनास्थल से झलमला की ओर भाग निकले। घायल हालत में धर्मेन्द्र ने बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की गई।

विवेचना में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज तथा मोबाइल टावर डाटा के आधार पर आरोपियों की पहचान कर तीनों— लिपेन्द्र साहू (20 वर्ष), जतिन पटेल (18 वर्ष 2 माह) व गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव (18 वर्ष 6 माह) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल (सीजी 24 डब्ल्यू 1779), एक चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूट में से 700 रुपये बरामद किए गए। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 11, चिखलाकसा, थाना राजहरा, जिला बालोद के निवासी हैं।

बालोद पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के सख्त निर्देशों और त्वरित कार्यवाही से जिले में संगीन घटनाओं पर नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के सतत मानवीय व कानूनी दृष्टिकोण तथा प्रभावी निगरानी से न केवल इस मामले का शीघ्र खुलासा संभव हुआ, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी सुदृढ़ हुई है। पुलिस प्रसार से मिली जानकारी के अनुसार ऐसे ही आगे भी अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही जारी रखी जाएगी ताकि जिले की सड़कों व जंगल मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में थाना बालोद एवं सायबर सेल बालोद की विशेष टीम तैयार कर आरोपियों को पता तलाश कर पकड़ा गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक दुर्याेधन यादव, आरक्षक वेदप्रकाश भुआर्य, आरक्षक मनोज चंद्रा, आरक्षक जितेन्द्र सिन्हा, आरक्षक भुवन ध्रुव, आरक्षक खिमन अमरिया एवं सायबर सेल बालोद प्रभारी सहायक उप निरीक्षक धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक भोपसिंह साहू, आरक्षक राहुल मनहरे, आरक्षक संदीप यादव का विशेष योगदान रहा। अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाइयाँ संपन्न कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!