रायपुर में गुंडागर्दी : पत्रकार पर जानलेवा हमला, हेलमेट से जबड़ा तोड़ा, आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सरेराह वसूली और जानलेवा हमले करने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला शहर के हृदय स्थल जी.ई. रोड का है, जहाँ देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक निर्भीक पत्रकार को वसूली का शिकार बनाने की कोशिश की गई और इनकार करने पर उन पर प्राणघातक हमला कर दिया गया।
पूरा घटनाक्रम : एक्सीडेंट का बहाना, वसूली का इरादा – घटना 2 मई 2026 की रात की है। ‘जनता से रिश्ता’ अखबार में कार्यरत पत्रकार शांतनु रॉय रात करीब 1:30 बजे अपना काम निपटाकर घड़ी चौक स्थित कार्यालय से अपने घर कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान कुसुमताई दाबके स्कूल के पास एक रिक्शा चालक की लापरवाही से शांतनु की बाइक टकरा गई।
जब मामला शांत हो रहा था, तभी भीड़ में मौजूद बजरंग चौहान (निवासी फूलचौक) ने ‘मौके का फायदा’ उठाने की कोशिश की। आरोपी ने खुद को स्वयंभू जज बताते हुए शांतनु को घेर लिया और मामला रफा-दफा करने के एवज में 10,000 रुपये की डिमांड कर डाली।
वसूली नहीं देने पर ‘खूनी’ खेल – जब शांतनु ने इस अवैध वसूली का विरोध किया और वहां से निकलने की कोशिश की, तो आरोपी बजरंग चौहान अपनी औकात पर उतर आया। उसने न केवल गंदी गालियां दीं, बल्कि पास पड़े एक भारी हेलमेट को उठाकर शांतनु के चेहरे पर पूरी ताकत से दे मारा। हमला इतना सटीक और भीषण था कि शांतनु के जबड़े में फ्रैक्चर हो गया और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
अस्पताल में जारी है संघर्ष – गंभीर रूप से घायल शांतनु को तत्काल ईट्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण उन्हें बोलने और खाने में भी असमर्थता हो रही है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर लेकिन गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और जन-आक्रोश – शांतनु के बड़े भाई (बायो मेडिकल इंजीनियर) की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बजरंग चौहान को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उगाही, मारपीट और गंभीर चोट पहुँचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पत्रकारों में भारी रोष : इस हमले के बाद राजधानी के पत्रकार जगत में भारी आक्रोश है। पत्रकारों का कहना है कि यदि राजधानी की मुख्य सड़कों पर लोकतंत्र का चौथा स्तंभ सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता का क्या होगा? स्थानीय लोगों और पत्रकार संगठनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है ताकि शहर में ‘वसूली गैंग’ और गुंडों के मन में कानून का खौफ पैदा हो सके।
पुलिस का बयान : “आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शहर में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की तहकीकात जारी है और सख्त कानूनी प्रावधानों के तहत चालान पेश किया जाएगा।”




