रायगढ़

शादी का झांसा देकर 4 साल तक किया शारीरिक शोषण: रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को अंबिकापुर से दबोचा…

रायगढ़। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। महिला थाना पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने वाले एक शातिर आरोपी को सरगुजा जिले के अंबिकापुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सहारा देने के नाम पर किया विश्वासघात – ​मिली जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय पीड़िता वर्ष 2019 से पारिवारिक कारणों से अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान आरोपी धर्मेंद्र पासवान का पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हुआ। आरोपी ने पीड़िता को मुश्किल समय में सहारा देने और शादी करने का वादा कर उसका विश्वास जीता।

किराए के मकान में बनाया बंधक, फिर दी धमकी – ​दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी धर्मेंद्र वर्ष 2022 में पीड़िता को रायगढ़ स्थित एक किराए के मकान में ले गया, जहाँ शादी का झांसा देकर उसने लगातार शारीरिक संबंध बनाए। सिलसिला यहीं नहीं रुका, आरोपी बीच में अपने गांव चला गया और वापस लौटकर 15 जनवरी 2026 को पुनः पीड़िता का शोषण किया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने उसे साथ रखने से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी देने लगा।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी – पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। आरोपी को सरगुजा के लखनपुर थाना क्षेत्र (परसा केत) से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण :

  • नाम : धमेन्द्र पासवान (28 वर्ष)
  • निवासी : ग्राम लामारी कला, थाना कांडी, जिला गढ़वा (झारखंड)

“महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता” – इस कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “रायगढ़ पुलिस महिलाओं के विरुद्ध किसी भी अपराध को बर्दाश्त नहीं करेगी। अपराधियों के मन में कानून का खौफ और पीड़ितों के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।”

टीम की भूमिका : इस सफल ऑपरेशन में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई विल्फ्रेड मसीह, एएसआई सरस्वती महापात्रे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!