चंद घंटों में सनसनीखेज सफलता : चाकूबाजी-लूट के तीनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार व बाइक जब्त

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। पुलिस ने गंजपारा शराब दुकान पर हुई खूनी लूटपाट की घटना में तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को महज कुछ घंटों में दबोच लिया। गंभीर रूप से घायल जयप्रकाश साहू की हालत स्थिर हो रही है। यह सफलता पुलिस की सतर्कता का प्रतीक है।

बालोद जिले के गंजपारा शराब भट्ठी के पास 28 मार्च 2026 की रात 9:30 बजे एक भयानक वारदात घटी। ग्राम मोंगरी निवासी पिनेश कुमार उर्फ मोनू की शिकायत पर थाना बालोद में मामला दर्ज हुआ। आरोपी पीयूष उपाध्याय, पुष्पेन्द्र यादव उर्फ सोनू गट्टा और सागर देवांगन ने जयप्रकाश साहू से शराब के लिए पैसे मांगे। मना करने पर मां-बहन की गालियां बकते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिर चाकू और लकड़ी के डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया। जयप्रकाश के पेट पर गहरा घाव लगा, आंत बाहर आ गई। बचाने आए गजेन्द्र साहू को भी पीटा गया।

घायलों को तुरंत जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। गजेन्द्र की चोटें साधारण पाई गईं, जबकि जयप्रकाश को शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी, भिलाई रेफर कर दिया गया। थाना बालोद में अपराध संख्या 144/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 109, 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश, एएसपी मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन और एएसपी बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। प्रथम सूचना के चंद घंटों में धर पकड़ अभियान चलाकर तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। पूछताछ में अपराध कबूल लिया। कब्जे से घटना वाली मोटरसाइकिल (सीजी 07 एएच 4376), लूटा गया पोको मोबाइल और लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपियों को कोर्ट पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तारी में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, प्र.आर. योगेश सिन्हा (1732), दुर्योधन यादव (1603), आरक्षक संजय सोनी (339), बनवाली साहू (1948), नागेश साहू (51) और मोहन कोकिला (36) का सराहनीय योगदान रहा।
आरोपी विवरण :
- पीयूष उपाध्याय (19 वर्ष), वार्ड 4, टिकरापारा, बालोद।
- पुष्पेन्द्र यादव उर्फ सोनू गट्टा (21 वर्ष), वार्ड 7, पांडेयपारा, बालोद।
- सागर देवांगन (20 वर्ष), ग्राम देवारभाट, बालोद।
यह कार्यवाही अपराधियों में भय पैदा करेगी और जनता का विश्वास बढ़ाएगी।
“गंजपारा शराब दुकान के बाहर चाकूबाजी के मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के आधार पर कार्यवाही करते हुए तीन चाकूबाजी को हिरासत में लेकर कोर्ट पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।”
शिशुपाल सिन्हा,
थाना प्रभारी बालोद




