शर्मसार हुआ शिक्षा का मंदिर : 9वीं की छात्रा से प्रभारी प्राचार्य ने की छेड़छाड़; समझौता कराने घर पहुंचे ‘शराबी’ शिक्षक को मां ने जड़े थप्पड़, ग्रामीणों ने सौंपा पुलिस को…

महासमुंद। गुरु-शिष्य की पवित्र परंपरा को कलंकित करने वाली बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात जिले के अछोला गांव स्थित शासकीय हाई स्कूल में सामने आई है। शिक्षा के मंदिर की कमान संभाले प्रभारी प्राचार्य ने 9वीं कक्षा की एक मासूम छात्रा को हवस का शिकार बनाने की कोशिश करते हुए उसके साथ गंभीर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की। हद तो तब हो गई जब आरोपी शिक्षक खाकी और कानून से बेखौफ होकर मामले को दबाने छात्रा के घर पहुंच गया। वहां पीड़ित छात्रा की मां ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी शिक्षक को थप्पड़ों से सबक सिखाया और आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथ दबोचकर तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया।
खाली स्कूल और चेंबर में दरिंदगी की कोशिश – शनिवार को स्कूल में आधे दिन की छुट्टी घोषित थी। अधिकांश छात्र-छात्राएं घर लौट चुके थे और स्कूल परिसर लगभग खाली हो चुका था। इसी सुनसान माहौल का फायदा उठाकर प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन ने छात्रा को जरूरी काम के बहाने अपने निजी चेंबर में तलब किया। आरोप है कि बंद कमरे में शिक्षक ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए छात्रा के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर डरी-सहमी छात्रा रोते-बिलखते घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई।
समझौते की धौंस लेकर घर पहुंचा, मां ने जड़ा तमाचा – वारदात को अंजाम देने के कुछ ही देर बाद आरोपी जीवनलाल देवांगन मामले को रफा-दफा कराने और परिजनों पर दबाव बनाने सीधे पीड़िता के घर आ धमका। बेटी के साथ हुई इस घिनौनी करतूत से आगबबूला मां ने बिना डरे आरोपी शिक्षक को मौके पर ही जोरदार थप्पड़ जड़ दिए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए और आरोपी की घेराबंदी कर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद तत्काल तुमगांव पुलिस को सूचना देकर आरोपी को कानून के हवाले किया गया।
मुंह से आ रही थी शराब की बदबू, ब्रेथ एनालाइजर में नशे की पुष्टि – प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वारदात के वक्त शिक्षक पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद जब उसका ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल टेस्ट कराया गया, तो उसके अत्यधिक नशे में होने की बात सामने आई। ड्यूटी के दौरान शराब पीकर स्कूल में बैठना और फिर नाबालिग छात्रा के साथ इस तरह की घिनौनी हरकत करना मामले की गंभीरता को और बढ़ा देता है।
पुराना ‘दागी’ है आरोपी : 2015 में भी छात्रा से छेड़छाड़ पर हुआ था सस्पेंड – इस पूरे मामले ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी जीवनलाल देवांगन आदतन ऐसी हरकतों में लिप्त रहा है:
- साल 2015-16 की वारदात: तुरेंगा स्कूल में पदस्थापना के दौरान भी देवांगन के खिलाफ एक छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत के आरोप में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया था।
- सीईओ ने किया था निलंबित: मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन जिला पंचायत सीईओ ने उसे सेवा से निलंबित कर दिया था।
- सिस्टम की लापरवाही: अदालत से जमानत मिलने के बाद उसे न केवल बहाल किया गया, बल्कि अछोला हाई स्कूल जैसे संस्थान में फिर से बच्चियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी तक सौंप दी गई।
सख्त धाराओं में जुर्म दर्ज, जांच में जुटी पुलिस – तुमगांव पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




