कलयुगी माँ की रूह कंपा देने वाली करतूत : खाना बनाने के विवाद में 4 माह के मासूम को जमीन पर पटका, मौत…

सूरजपुर। ममता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। यहाँ एक माँ ने अपने ही 4 माह के कलेजे के टुकड़े को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वह खाना बनाने के दौरान रो रहा था। मासूम की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह अपनी भूख या तकलीफ बयान करने के लिए रो पड़ा, जो उसकी सनकी माँ को बर्दाश्त नहीं हुआ।
विवाद से उपजा ‘खूनी’ गुस्सा – घटना ग्राम जयपुर की है। जानकारी के अनुसार, सोनसाय प्रजापति जब दोपहर में महुआ बीनकर घर लौटा, तो पत्नी वृंदावती ने खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी झड़प हुई। विवाद के बाद पति पास ही के कोटवार के घर चला गया और वृंदावती गुस्से में खाना बनाने लगी।
बच्चे की चीख और फिर खामोशी – खाना बनाने के दौरान ही महिला का 4 माह का बच्चा फूट-फूटकर रोने लगा। गुस्से में तमतमाई वृंदावती बच्चे को चुप कराने के बजाय उसे घर के बाहर ले गई और पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया। बच्चे की चीख सुनकर जब तक पिता मौके पर पहुंचा, मासूम लहूलुहान और बेहोश हो चुका था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
अतीत का खौफनाक सच : पहले भी दो बच्चों की गई है जान – इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक:
- सोनसाय और वृंदावती ने प्रेम विवाह किया था।
- वृंदावती की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं बताई जा रही है।
- दंपत्ति के दो बच्चों की मौत पहले भी हो चुकी है, जिसका कारण देखरेख का अभाव बताया गया।
- यह मृतक बच्चा उनकी तीसरी संतान था, जिसे खुद उसकी माँ ने ही छीन लिया।
“मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शुरुआती जांच में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। जल्द ही मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
अभिषेक पैकरा, SDOP, सूरजपुर




