रायगढ़

घर में घुसकर आबरू से खिलवाड़ करने वाला ‘बदमाश’ संजू बघेल गिरफ्तार, SSP की दो टूक- “बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी”…

रायगढ़। शहर के इंदिरानगर पूछापारा में दहशत का पर्याय बन चुके झगड़ालू किस्म के युवक संजू उर्फ आशीष बघेल को रायगढ़ पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। महिला के घर में घुसकर छेड़खानी और मारपीट करने वाले इस आरोपी पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों के बाद महिला थाना पुलिस ने चौतरफा घेराबंदी कर यह कार्रवाई की है।

बिजली गुल होने के मामूली विवाद से शुरू हुई थी ‘गुंडागर्दी’ : घटना की शुरुआत 24 फरवरी को हुई, जब पीड़िता अपने घर का बिजली कनेक्शन ठीक करवा रही थी। तार हिलने से कुछ देर के लिए मोहल्ले की लाइट गई, जिससे तिलमिलाया आरोपी संजू बघेल महिला के घर में घुस गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी के खौफ की वजह से उस वक्त पीड़िता ने चुप्पी साध ली, लेकिन आरोपी के हौसले इतने बुलंद हो गए कि अगले ही दिन 25 फरवरी की रात वह फिर घर में जा घुसा।

गंदी नीयत से की छेड़खानी, मोहल्लेवासी भी थे परेशान : आरोपी ने न सिर्फ महिला के साथ मारपीट की, बल्कि गंदी नीयत से छेड़खानी भी की। शोर सुनकर जब पति और पड़ोसी बचाने आए, तो आरोपी वहां से भाग निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आशीष बघेल (24 वर्ष) आदतन अपराधी है और मोहल्ले के लोग उसकी आए दिन की गुंडागर्दी से त्रस्त थे।

बीएनएस (BNS) की सख्त धाराओं में एक्शन : महिला थाना प्रभारी ने एसएसपी के मार्गदर्शन में त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया:

  • धाराएं : 331(4), 200, 115(2), 76 और 74 BNS।
  • कार्रवाई: फरार चल रहे आरोपी को मुखबिर की सूचना पर 15 मार्च को दबिश देकर दबोचा गया और अब वह जेल की हवा खा रहा है।

SSP का कड़ा संदेश : “जीरो टॉलरेंस”

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “महिलाओं के साथ छेड़खानी और घर में घुसकर हमला करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति जारी रहेगी। हर अपराधी को कानून का कड़ा सबक सिखाया जाएगा।”

Ambika Sao

सह-संपादक : छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!