रायगढ़ में ‘सिंघम’ अवतार में SSP : प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे भारी वाहनों पर गिरी गाज, आधी रात सड़क पर मची खलबली

रायगढ़। शहर की सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले और नियमों को ठेंगे पर रखने वाले भारी वाहन चालकों के खिलाफ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। बीती रात चक्रधरनगर पुलिस ने न केवल सड़क पर पलटे एक ओवरलोड ट्रेलर के कारण पैदा हुए संकट को दूर किया, बल्कि प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसपैठ करने वाले चार भारी वाहनों पर ऐसी कानूनी चोट की है जो दूसरों के लिए नजीर बनेगी।
बीच चौराहे पलटा ‘मौत का सौदागर’, पुलिस ने रात भर जागकर संभाला मोर्चा – घटना बीती रात की है जब ट्रेलर क्रमांक CG 13 AK 4986 का चालक पुष्पराज साहू, नियमों को ताक पर रखकर प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल हुआ। लापरवाही का आलम यह था कि चक्रधरनगर चौक के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और टन भर ‘आयरन पेलेट’ सड़क पर बिखर गए।
मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। आधी रात को ही जेसीबी बुलाई गई और युद्धस्तर पर सड़क की सफाई कर यातायात बहाल कराया गया।
ओवरलोडिंग और लापरवाही पर सख्त ‘इस्तगासा’ : जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ट्रेलर में क्षमता से 25 टन अधिक माल लदा था और वाहन का बीमा तक नहीं था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 194 और 196 के तहत कड़ी कार्रवाई की है।
अन्य तीन भारी वाहनों पर भी चला ‘चाबुक’ – सिर्फ पलटा हुआ ट्रेलर ही नहीं, पुलिस की पैनी नजर से अन्य घुसपैठिए भी नहीं बच सके। देर रात प्रतिबंधित क्षेत्र में घूम रहे तीन अन्य भारी वाहनों को भी दबोचा गया:
- हाईवा (12 चक्का) – CG 13 BC 6434
- ट्रक (डालाबाड़ी) – OD 09 K 4445
- ट्रक (12 चक्का) – OD 09 Q 2601
इन सभी वाहनों के विरुद्ध धारावार इस्तगासा दर्ज कर आज चालकों को न्यायालय में पेश किया गया है।
एसएसपी का कड़ा अल्टीमेटम : “शहर की सुरक्षा से समझौता नहीं” – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है:
“सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी चालक शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों में भारी वाहन लेकर घुसेगा या ओवरलोड परिवहन करेगा, उसे भारी चालान और सख्त वैधानिक कार्रवाई का सामना करना होगा। यह अभियान अब रुकने वाला नहीं है।”
मुख्य भूमिका : इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा (थाना प्रभारी), प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और उनकी टीम ने मुस्तैदी की मिसाल पेश की है।




