लैलूंगा स्वास्थ्य विभाग में नई लहर : श्री तोषलाल साव बने कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष, साथियों में जश्न का माहौल…

रायगढ़। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ ने लैलूंगा ब्लॉक में संगठन को धार देने और कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संघ के जिला अध्यक्ष श्री आर.के. राठौर ने लैलूंगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मठ कर्मचारी श्री तोषलाल साहू (ड्रेसर ग्रेड-1) को लैलूंगा ब्लॉक शाखा अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया है।
इस नियुक्ति की खबर मिलते ही लैलूंगा के स्वास्थ्य कर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। श्री तोषलाल साव अपनी मिलनसार छवि और कर्मचारियों के सुख-दुख में खड़े रहने के लिए जाने जाते हैं।

जिला और प्रांतीय नेतृत्व ने जताया भरोसा : जिला अध्यक्ष आर.के. राठौर ने संवैधानिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति आदेश जारी किया है। संगठन का मानना है कि श्री तोषलाल साव के नेतृत्व में लैलूंगा में स्वास्थ्य कर्मचारियों की आवाज और बुलंद होगी।
इस नियुक्ति पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का भी विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। वरिष्ठ उपप्रांताध्यक्ष श्री एल.के. जांगड़े और प्रांतीय सचिव श्री यशपाल भगत ने श्री तोषलाल साव की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की है और उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
जिले में और भी हुईं नियुक्तियां, लेकिन लैलूंगा पर खास नजर : संघ द्वारा जारी सूची में जिले के अन्य ब्लॉकों में भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें धरमजयगढ़ से विजय कर्ष, घरघोड़ा से सरिता साहू और तमनार से शिव लाल साहू प्रमुख हैं। लेकिन लैलूंगा ब्लॉक में श्री तोषलाल साहू की नियुक्ति को संगठन की मजबूती के लिए अहम माना जा रहा है।
प्रशासनिक स्तर पर सूचना प्रेषित : नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष की जानकारी आधिकारिक तौर पर स्थानीय प्रशासन, एसडीएम, तहसीलदार, बीएमओ (खंड चिकित्सा अधिकारी) और थाना प्रभारी को भेज दी गई है ताकि भविष्य में कर्मचारी हितों से जुड़े कार्यों में समन्वय बना रहे।
लैलूंगा स्वास्थ्य विभाग के समस्त स्टाफ ने श्री तोषलाल साव को पुष्पगुच्छ भेंट कर और मिठाई खिलाकर बधाई दी है।




