बिना शासकीय अनुमति मेडिकल कैम्प लगाने की फिराक में 4 धरे गए, 7.18 लाख की दवाएं व वाहन जब्त

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिला पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और सजगता से बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोरगुड़ा में बिना वैध अनुमति के मेडिकल कैम्प आयोजित करने की कोशिश कर रहे चार शातिर व्यक्तियों के मंसूबों पर पानी फिर गया। बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के कुशल नेतृत्व व त्वरित सूझबूझ से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से वाहन सहित भारी मात्रा में रेट्रोज कंपनी की दवाएं, न्यूट्रास्युटिकल सप्लीमेंट्स और आधुनिक मेडिकल जांच उपकरण जब्त किए हैं। थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा की इस त्वरित एवं प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है, जिससे अनधिकृत उपचार एवं फर्जी मेडिकल शिविरों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर समय रहते अंकुश लगाया जा सका।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की त्वरित घेराबंदी
मामला 01 अक्टूबर 2026 का है, जब थाना बालोद को सटीक मुखबिर से गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पंचायत भवन कोरगुड़ा में चार व्यक्ति एक चार पहिया वाहन (क्रमांक सीजी 07 एक्यू 7352) में बड़ी मात्रा में दवाइयां और हेल्थ सप्लीमेंट्स लेकर पहुंचे हैं। ये लोग ग्रामीणों को इलाज और मुफ्त जांच का झांसा देकर शिविर आयोजित करने के लिए एकत्र कर रहे थे।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बिना समय गंवाए विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर रवाना की। पुलिस जब कोरगुड़ा पंचायत भवन पहुंची, तो वहां उक्त चारों आरोपी कैम्प लगाने की अंतिम तैयारियों में लगे हुए थे। पुलिस कर्मियों ने जब उनसे स्वास्थ्य विभाग की वैध शासकीय अनुमति, चिकित्सकीय पंजीयन या अन्य संबंधित वैधानिक दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी वैध पत्र प्रस्तुत करने में पूरी तरह नाकाम रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
वैधानिक कागजात न होने पर पुलिस टीम ने मामले की तत्काल जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी। उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा की अगुवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और वाहन सहित समस्त दवाओं व उपकरणों को जब्त कर थाना बालोद लाया। मौके पर निष्पक्ष गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान :
- राजेश कुमार कोठारी (40 वर्ष), पिता राधेलाल कोठारी, निवासी ग्राम हरंडडा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छ.ग.)
- टी. वेंकटेश राव (47 वर्ष), पिता टी. चन्द्रराव, निवासी हुडको भिलाई, थाना सेक्टर-06 भिलाई
- सुरेन्द्र पटेल (29 वर्ष), पिता राम कुमार पटेल, निवासी ग्राम सिंगारपुर, जिला कबीरधाम
- मोहित कुमार रक्सेल (38 वर्ष), पिता दयाराम रक्सेल, निवासी करगाडीह, उतई, जिला दुर्ग
भारी मात्रा में दवाइयां व जांच उपकरण बरामद
जब्त वाहन क्रमांक सीजी 07 एक्यू 7352 की तलाशी लेने पर रेट्रोज कंपनी की विभिन्न दवाएं तथा हेल्थ व सप्लीमेंट्री प्रोडक्ट बरामद किए गए। बरामद सामग्रियों में प्रमुख रूप से मेमोरी ग्रेन्यूल्स, लेडी केयर टेबलेट, यूरिक एसिड कंट्रोल कैप्सूल, रेट्रोज रेन्जोव कैप्सुल, किडनी केयर टेबलेट, पाइल्स केयर टेबलेट, मैन्स चार्ज कैप्सुल, थायराइड केयर, फ्लेक्स सीड सॉफ्ट जेल, बॉन हेल्थ केयर टेबलेट, मल्टीविटामिन टेबलेट, आर्थो केयर, वुमन हेल्थ केयर, लिवर केयर, ओमेगा कैप्सूल, ईजी स्लिम पाउडर, हार्ट केयर पाउडर, डिटॉक्स पॉवर जूस, अमृत बूस्ट जूस, कैस्ट्रो जेन सिरप, डियाबो केयर टेबलेट, बीपी केयर टेबलेट, अयूर न्यूट्री मोर एनर्जी बूस्टर पाउडर, आर्थो जेन रिलेक्स पैन रिलीफ ऑयल, फैट क्लीनर, बी-सेफ सिरप ब्लड प्यूरीफायर, सीएमडी, नीलभृंगादि तेल, ईजेडवाय लीफ ग्रीन टी तथा स्वर्ण प्रासन शामिल हैं।
इसके अलावा जांच एवं प्रचार-प्रसार में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण—क्वांटम रेजोनेंस मैग्नेटिक एनालाइजर (क्यूआरएमए) मशीन, वेट मशीन, पुराना कैनन प्रिंटर, लैपटॉप, वायर तथा बिजली का बोर्ड भी जब्त किया गया। जब्त की गई समस्त सामग्री व वाहन का कुल बाजार मूल्य लगभग ₹7,18,597/- आंका गया है।
अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं जन-जागरूकता अपील
थाना बालोद में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 106 के अंतर्गत वैधानिक जब्ती कार्रवाई की गई है। पुलिस अब दवाओं की गुणवत्ता, कंपनी के पंजीयन और आरोपियों के फर्जीवाड़े के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
बालोद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गांव या मोहल्ले में बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित होने वाले किसी भी मेडिकल कैम्प, मुफ्त जांच या दवा वितरण से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।




