CGBSE BREAKING: छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर निरस्त; पेपर लीक की पुष्टि के बाद माशिमं का बड़ा फैसला, 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा…

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) ने प्रदेश के लाखों परीक्षार्थियों को बड़ा झटका देते हुए कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त (Cancel) कर दिया है। सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों और प्राथमिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद मण्डल ने यह कड़ा कदम उठाया है। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी।
क्या है पूरा मामला? – बीते 14 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ बोर्ड की कक्षा 12वीं के हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा संपन्न होने के तुरंत बाद, 15 और 16 मार्च को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से यह खबरें सामने आईं कि सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही सार्वजनिक हो गया था।
इन गंभीर दावों की जांच के लिए शिक्षा मण्डल ने तत्काल कदम उठाते हुए साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और सिटी कोतवाली में FIR भी दर्ज की गई।
परीक्षा समिति की आपात बैठक में लिया गया निर्णय – आज, 23 मार्च 2026 को माध्यमिक शिक्षा मण्डल के रायपुर स्थित मुख्यालय में परीक्षा समिति की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में जांच रिपोर्ट और पुलिस से प्राप्त इनपुट पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 14 मार्च को हुई परीक्षा को शून्य घोषित किया जाए।
लाखों छात्रों की मेहनत पर फिरा पानी, अभिभावकों में आक्रोश – परीक्षा निरस्त होने की खबर से परीक्षार्थियों में मायूसी छा गई है। कई छात्रों का कहना है कि उन्होंने साल भर कड़ी मेहनत की थी और हिंदी का पेपर बहुत अच्छा गया था, लेकिन अब किसी और की गलती की सजा उन्हें दोबारा परीक्षा देकर भुगतनी होगी।
वहीं, अभिभावकों ने मण्डल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के बीच 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा दिलाना छात्रों के लिए मानसिक और शारीरिक तनाव का कारण बनेगा।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई – माशिमं सचिव द्वारा जारी आदेश (पत्र क्रमांक/1520/समन्वय कक्ष/2026) के अनुसार, पुलिस प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है। लीक के पीछे किसी गिरोह या विभागीय लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। मण्डल ने स्पष्ट किया है कि जो भी व्यक्ति इस कृत्य में शामिल पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विशेष नोट : छात्र अपने प्रवेश पत्र और परीक्षा केंद्र से संबंधित अपडेट के लिए मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।




