रायपुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी : एक जगह जमीन से बाहर दिखे लाश के हाथ-पांव, दूसरी जगह मिला नरकंकाल…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार, 21 मार्च को मौत के दो खौफनाक मंजर सामने आए हैं। पहली घटना अभनपुर इलाके की है, जहां जमीन में दफन एक युवक की लाश मिली, जिसके हाथ-पैर बाहर निकले हुए थे। वहीं दूसरी घटना उरला औद्योगिक क्षेत्र की है, जहां एक महीने पुराना नरकंकाल बरामद हुआ है। पुलिस इन दोनों ही मामलों को सोची-समझी हत्या (Murder) से जोड़कर देख रही है।
मामला 1 : अभनपुर के भरेंगाभाटा में दफन मिली लाश – अभनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भरेंगाभाटा में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक सुनसान इलाके में जमीन से बाहर झांकते हुए इंसानी हाथ और पैर देखे। पास जाने पर पता चला कि किसी ने शव को उथले गड्ढे में गाड़ दिया था, लेकिन मिट्टी कम होने के कारण अंग बाहर दिखाई दे रहे थे।
टैटू से हुई मृतक की पहचान : ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहसीलदार की मौजूदगी में खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला। शव की स्थिति को देखकर पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की। मृतक के हाथ पर बने एक विशिष्ट टैटू ने उसकी पहचान की गुत्थी सुलझा दी। मृतक की पहचान रायपुर के शदाणी दरबार निवासी नितेश बत्रा के रूप में हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और संदेह : माना सीएसपी लंबोदर पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया :
”शव को देखने से साफ प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर गाड़ दिया गया। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का सटीक अंदाजा लगाया जा सकेगा।”
मामला 2 : उरला मेटल पार्क में ‘कंकाल’ बनी लाश – रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र उरला से भी एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां के मेटल पार्क इलाके में शनिवार को एक नरकंकाल मिला है। शव इतना पुराना हो चुका था कि शरीर का मांस पूरी तरह गल चुका था और केवल हड्डियां शेष थीं।
एक महीने से लापता था मृतक : शुरुआती जांच और घटनास्थल पर बिखरे कपड़ों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान दिलीप (उम्र 45-50 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दिलीप पिछले एक महीने से लापता था और उसके परिजनों ने उरला थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत : उरला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को संदेह है कि अज्ञात आरोपियों ने दिलीप की हत्या कर शव को इस सुनसान जगह पर फेंक दिया होगा, ताकि किसी की नजर उस पर न पड़े।
पुलिस जांच के मुख्य बिंदु : पुलिस वर्तमान में दोनों ही मामलों में निम्नलिखित पहलुओं पर काम कर रही है:
- CCTV फुटेज : घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पहचान हो सके।
- कॉल डिटेल्स (CDR) : नितेश बत्रा और दिलीप के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले जा रहे हैं।
- पुराानी रंजिश : पुलिस दोनों मृतकों के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी संभावित दुश्मनी या विवाद का पता चल सके।
रायपुर में एक ही दिन में दो लाशें मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




