शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेल्हा में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से संपन्न हुआ

जिला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के विकासखंड बिलाईगढ़ अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेल्हा में 26 जनवरी 2026 को भारत का 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में विशेष रूप से डांस प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई जिसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत समूह नृत्य एवं एकल नृत्य प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों में भारत की सांस्कृतिक विविधता, स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों का बलिदान एवं संविधान के मूल्यों को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।
डांस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन आत्मविश्वास और कला कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
इस गरिमामय अवसर पर फिरत साहू, दिनेश्वर साहू उमेश्वरी सोनी उषा साहू, सुनीता साहू सचिन दिनालाल जानवर ग्राम पंचायत बेल्हा के सरपंच अशोक यादव पंच संजय यादव प्रतिनिधि संतोष साहू, पंकज बघेल रोजगार सहायक कालेश्वर यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया तथा बच्चों को शिक्षा अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर देश का जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समापन अवसर पर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




