रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ : फरार सट्टा किंग गगन अग्रवाल गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा सट्टेबाजी का मास्टरमाइंड!…

रायगढ़ | 11 मार्च, 2026। जिले में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ एसएसपी शशि मोहन सिंह का “हंटर” लगातार चल रहा है। ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक महीने से फरार चल रहे हाई-प्रोफाइल क्रिकेट सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल को धर दबोचा है। पुलिस की इस दबिश ने सट्टा बाजार में हड़कंप मचा दिया है।
ससुराल में दबिश, गिरफ्त में आया सट्टेबाज : खरसिया का रहने वाला आरोपी गगन अग्रवाल (27 वर्ष) पुलिस को चकमा देकर पिछले एक महीने से फरार था। पुलिस की सायबर सेल और चक्रधरनगर टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही थी। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली कि गगन हिमालया हाइट्स (बैंक कॉलोनी) स्थित अपने ससुराल पहुँचा है, टीम ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। उसके पास से एक सैमसंग मोबाइल जब्त किया गया है, जिसमें सट्टेबाजी के अहम सुराग मिले हैं।
फैक्ट्री से शुरू हुआ था ‘सट्टा कांड’ का पर्दाफाश : इस पूरे गिरोह का खुलासा 16 फरवरी को हुआ था, जब पुलिस ने बोईरदादर स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी की थी। उस वक्त विकास अग्रवाल और विनय अग्रवाल को इंग्लैंड बनाम इटली मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया था कि इस काले कारोबार का मुख्य सूत्रधार खरसिया का गगन अग्रवाल है।
जब्त सामग्री और कानूनी कार्रवाई
- आरोपी : गगन अग्रवाल, पिता स्व. अनूप अग्रवाल (खरसिया)।
- बरामदगी : आधुनिक सैमसंग स्मार्टफोन (सट्टा संचालन में प्रयुक्त)।
- धारा : छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज।
- स्थिति : आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
SSP का कड़ा अल्टीमेटम : “बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी” –
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी है कि रायगढ़ जिले में अवैध कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा- “ऑनलाइन सट्टा और जुए के सिंडिकेट को जड़ से उखाड़ फेंकना हमारा लक्ष्य है। इसमें संलिप्त हर एक व्यक्ति, चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो, पुलिस की गिरफ्त में होगा।”
टीम की सफलता :इस बड़ी कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में निरीक्षक राकेश मिश्रा, उप-निरीक्षक गेंद लाल साहू और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।




