बैंकों की सुरक्षा पर रायगढ़ पुलिस का ‘वज्र’ प्रहार; SSP के निर्देश पर जिलेभर में चला औचक चेकिंग अभियान…

रायगढ़। जिले की वित्तीय संस्थाओं को अभेद्य सुरक्षा घेरे में लाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ा सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया। शुक्रवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने एक साथ बैंकों और वित्तीय संस्थानों पर दबिश दी, जिससे सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत सामने आ सके।
सुरक्षा के 10 बिंदुओं पर पैनी नजर : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना और चौकी प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ बैंकों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं की जांच की:
- अलार्म और सीसीटीवी : क्या अलार्म वर्किंग कंडीशन में हैं और कैमरों का कवरेज एरिया बैंक के हर कोने को कवर कर रहा है?
- हथियार और लाइसेंस : बैंक में तैनात आर्म्स गार्ड्स के शस्त्रों की स्थिति, कारतूसों की उपलब्धता और उनके लाइसेंस की वैधता को परखा गया।
- कैश मूवमेंट : बैंक में कैश लाने और ले जाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।
- फायर सेफ्टी : आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी एक्सपायरी डेट की जांच की गई।
मैनेजमेंट को ‘अलर्ट मोड’ पर रहने के निर्देश : निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों से सीधा संवाद किया। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, बैंक के बाहर रेहड़ी-पटरी वालों और दुकानदारों को भी ‘पुलिस की आंख और कान’ बनने की समझाइश दी गई। उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम (9479193299) पर सूचना देने को कहा गया है।
”जिले की वित्तीय संस्थाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता है। बैंक सुरक्षा में लापरवाही के लिए कोई जगह नहीं है। यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि अपराधी किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सकें।”
शशि मोहन सिंह, SSP रायगढ़
जनता के लिए अपील : रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे बैंक या एटीएम के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस औचक अभियान से न केवल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, बल्कि आम नागरिकों में भी सुरक्षा का भाव जागा है।




