हफ्ता वसूली और खूनी संघर्ष : चक्रधरनगर पुलिस ने आदतन बदमाश आफताब को भेजा सलाखों के पीछे…

रायगढ़। शहर में गुंडागर्दी और हफ्ता वसूली करने वालों के खिलाफ चक्रधरनगर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विजयपुर इलाके में ट्रैक्टर चालक से शराब के लिए पैसे मांगकर जानलेवा हमला करने वाले कुख्यात बदमाश मोहम्मद आफताब हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वारदात : रॉड और कड़े से किया लहुलुहान – घटना रविवार शाम की है, जब पतरापाली निवासी विकास भोय ट्रैक्टर में मिट्टी लोड कर विजयपुर जा रहा था। इसी दौरान तालाब के पास आरोपी आफताब ने उसका रास्ता रोका और शराब पीने के लिए पैसों की डिमांड करने लगा। मना करने पर सनकी बदमाश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे लोहे की रॉड तथा हाथ में पहने भारी स्टील के कड़े से विकास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए राजा लोहार को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसे भी चोटें पहुंचाईं।
पुलिस की ‘क्विक एक्शन’ स्ट्राइक : मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गेंद लाल साहू के नेतृत्व में टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी आफताब हुसैन (26 वर्ष) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और स्टील का कड़ा बरामद कर लिया गया है।
अपराधों की लंबी फेहरिस्त : पकड़ा गया आरोपी आफताब कोई नौसिखिया अपराधी नहीं, बल्कि चक्रधरनगर थाने का लिस्टेड बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से ही:
- चोरी और मारपीट
- आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार)
- जुआ और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
कानूनी कार्रवाई : पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
थाना चक्रधरनगर का संदेश : “क्षेत्र में शांति भंग करने वाले और अवैध वसूली करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”




