लैलूंगा पुलिस का बड़ा खुलासा : पत्नी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने वाला आरोपी पति गिरफ्तार…

रायगढ़। पुलिस ने महिला की संदिग्ध मृत्यु के एक जटिल मामले को सुलझाते हुए हत्यारोपी पति को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी ने आपसी विवाद के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से इसे आत्महत्या बताने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण – मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम काराडेगा (पटेलपारा) का है। जानकारी के अनुसार, 24 दिसंबर 2025 की शाम आरोपी गिरधारी पैकरा (27 वर्ष) और उसकी पत्नी डिजेश्वरी पैकरा के बीच घर में मांस (मुर्गा) लाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने आवेश में आकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और अंततः रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
साक्ष्य छिपाने की कोशिश – अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मृतिका के शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। इसके बाद उसने परिजनों और ग्रामीणों को गुमराह करते हुए इसे आत्महत्या करार दिया और स्वयं थाने जाकर मर्ग सूचना दर्ज कराई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज – पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने मामले की गहन विवेचना की। शव परीक्षण (Post-Mortem) रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि महिला की मृत्यु दम घुटने से हुई है और यह पूर्णतः ‘हत्यात्मक’ मामला है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जब पुलिस ने संदेही पति से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई – आरोपी गिरधारी पैकरा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) एवं 238 (साक्ष्य विलोपन) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की फुंकनी, धारदार परसूल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक देव प्रसाद चौहान और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।




